उत्तराखण्डगढ़वाल,

उत्तराखंड- यहाँ चलती पिकअप में लगी भीषण आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान; देखते ही देखते धू-धूकर जली गाड़ी

देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में दिल्ली-यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर मंगलवार को एक पिकअप वाहन में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली।

 

जानकारी के अनुसार घटना यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर के दर्रारीट, टिमली क्षेत्र के पास की है। सहारनपुर की ओर जा रही पिकअप से अचानक हल्का धुआं उठता दिखाई दिया। शुरुआत में लगा कि शायद इंजन गर्म हो गया है, लेकिन कुछ ही सेकंड में धुआं काले गुबार में बदल गया और देखते ही देखते गाड़ी से तेज लपटें उठने लगीं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड - इस जिले में भारी बारिश के चलते 8 अगस्त को सभी स्कूलों सहित आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी के निर्देश

 

आग भड़कते ही चालक ने बिना देर किए चलती पिकअप से छलांग लगा दी और सड़क किनारे गिरकर तुरंत सुरक्षित दूरी पर चला गया। अगर वह कुछ पल और देर करता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

 

घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। पीछे से आ रहे वाहनों के चालक अचानक रुक गए, जबकि कुछ लोगों ने अपनी गाड़ियां पीछे मोड़ लीं। आसपास मौजूद लोग भी मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने की कोशिश करने लगे। किसी ने पानी की बोतलें डालीं तो किसी ने मिट्टी फेंककर लपटों को काबू में करने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि कोई वाहन के पास तक नहीं जा पा रहा था।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून -(बड़ी खबर) धामी मंत्रिमंडल की बैठक हुई समाप्त, इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर लगी मोहर

 

कुछ ही मिनटों में पूरी पिकअप धू-धूकर जल गई और केवल उसका लोहे का ढांचा ही बचा रह गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड के पहाड़ों में क्यों बढ़ रही ‘कुंवारों की पीढ़ी’? 5 बड़ी वजहें आईं सामने, एक्सपर्ट बोले- सिर्फ नौकरी से नहीं बन रही बात

 

स्थानीय लोगों के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या ईंधन लीकेज हो सकता है। फिलहाल प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है। घटना को जिसने भी देखा, वह कुछ देर तक सहमा रहा।