उत्तराखंड- यहाँ तेज रफ्तार डंपर ने 17 वर्षीय छात्र को कुचला, मौके पर मौत; आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम
ट्यूशन से पैदल घर लौट रहा था शिवांशु, पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लिया

देहरादून न्यूज़- राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर ने ट्यूशन से पैदल घर लौट रहे छात्र को टक्कर मार दी और कुछ दूर तक घसीटते हुए फरार हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया, जिसके बाद मौके पर पुलिस को पहुंचना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, मालदेवता क्षेत्र के शेरकी गांव निवासी 17 वर्षीय शिवांशु रविवार रात करीब 8:45 बजे ट्यूशन से अपने घर पैदल लौट रहा था। इसी दौरान मालदेवता की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि किशोर को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शिवांशु 11वीं कक्षा का छात्र था।
घटना के बाद आरोपी चालक डंपर समेत मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। गुस्साए ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
सूचना मिलते ही थाना रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। अधिकारियों ने परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद देर रात जाम खुलवाया जा सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।
सीओ रायपुर रीना राठौड़ ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से मिली जानकारी के आधार पर डंपर की पहचान कर उसे कब्जे में ले लिया गया है। चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र में अवैध खनन और तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही से पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि अवैध खनन पर रोक लगाई जाए और भारी वाहनों की गति पर सख्ती से नियंत्रण किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।








