उत्तराखंड- यहाँ ट्रैक पर गई महिला की गहरी खाई में गिरने से हुई मौत, शिनाख्त के प्रयास जारी

रुद्रप्रयाग न्यूज़- जिले के प्रसिद्ध तुंगनाथ ट्रैक रूट पर रविवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। गणेश मंदिर के पास एक महिला के गहरी खाई में गिरने की सूचना मिलने के बाद डीडीआरएफ और आपदा मित्र की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। हालांकि, खाई की गहराई और रात में अंधेरा बढ़ने के कारण देर रात अभियान रोकना पड़ा। सोमवार सुबह दोबारा सर्च अभियान चलाकर महिला का शव खाई से बरामद किया गया।
जिला इमरजेंसी कंट्रोल रूम को रविवार शाम करीब 6 बजकर 21 मिनट पर गणेश मंदिर के पास एक महिला के गहरी खाई में गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही डीडीआरएफ और आपदा मित्र की रेस्क्यू टीम को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया। टीम के घटनास्थल पर पहुंचने पर खाई काफी गहरी होने की जानकारी सामने आई।
मामले की सूचना एसडीआरएफ अगस्त्यमुनि और तहसीलदार ऊखीमठ को भी दी गई। इसके बाद डीडीआरएफ की ऊखीमठ टीम भी मौके पर पहुंची और महिला की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया। देर रात तक टीमें खाई में महिला की तलाश करती रहीं।
गहरी खाई और अंधेरे के कारण रात में रोका अभियान
रेस्क्यू अभियान के दौरान खाई की गहराई और अंधेरा लगातार चुनौती बना रहा। सुरक्षा को देखते हुए रात करीब 12 बजकर 30 मिनट पर सर्च अभियान रोकना पड़ा। इसके बाद सुबह होते ही आपदा राहत टीमों ने दोबारा अभियान शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीमों ने महिला का शव खाई से बरामद कर लिया। शव को आगे की कार्रवाई के लिए ऊखीमठ भेज दिया गया है। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस और संबंधित टीमों की ओर से महिला की पहचान और हादसे के कारणों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।








