उत्तराखण्डकुमाऊं,

उत्तराखंड- यहाँ सिविल कोर्ट में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, नाजिर शाखा का कर्मचारी 3,500 रुपये की कथित रिश्वत लेते गिरफ्तार

ऊधम सिंह नगर के बाजपुर स्थित सिविल न्यायालय में गुरुवार को सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दीवानी नाजिर शाखा में तैनात एक कर्मचारी को 3,500 रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद न्यायालय परिसर में कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया।

 

 

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता शाहिद पुत्र शाहिद, निवासी वार्ड नंबर-2, बाजपुर ने विजिलेंस से शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि चेक बाउंस के एक मामले में दोनों पक्षों के बीच राजीनामा होने के बावजूद केस समाप्त कराने की प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर कर्मचारी द्वारा 3,500 रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून-15 नवंबर को प्रदेशभर में भूकंप मॉक ड्रिल — तैयारी पर जोर, डिजिटल ट्विन टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल की सिफारिश

 

 

शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मामले का सत्यापन किया। आरोप सही पाए जाने पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए दीवानी नाजिर शाखा में तैनात कर्मचारी ओम बाबू को कथित रूप से रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- इस जिले के नवनियुक्त पुलिस कप्तान ने देर रात चौराहे पर कुर्सी-मेज लगाकर पढ़ाया कानून का पाठ, कहा- पुलिस सड़कों पर दिखाई देगी तो...?

 

 

कार्रवाई के दौरान न्यायालय परिसर में मौजूद कुछ अधिवक्ताओं ने विजिलेंस अधिकारियों से कार्रवाई की जानकारी मांगी। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जिससे कुछ देर के लिए हंगामे जैसी स्थिति बन गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया।

 

 

समाचार लिखे जाने तक विजिलेंस विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी नहीं की गई थी। आरोपी कर्मचारी से पूछताछ जारी है। वहीं पुलिस और प्रशासन की टीम न्यायालय परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जुटी रही।

यह भी पढ़ें 👉  एलबीएस छात्र संघ चुनाव अपडेट:-

 

 

नोट: यह गिरफ्तारी शिकायत और विजिलेंस की कार्रवाई के आधार पर हुई है। मामले में आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति या जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की जानकारी सामने आएगी।