लालकुआं: रील बनाने को लेकर भाई ने लगाई फटकार, 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से मचा कोहराम

लालकुआं न्यूज़- सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर भाई की फटकार के बाद 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। पिता को पहले ही खो चुके परिवार पर बेटी की असमय मौत से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लालकुआं नगर से सटे वीआईपी गेट स्थित वर्मा कॉलोनी निवासी स्वर्गीय संजय सक्सेना की 14 वर्षीय पुत्री राखी सक्सेना बिंदुखत्ता स्थित एक निजी विद्यालय में कक्षा आठ में पढ़ती थी। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर लगातार रील बनाने को लेकर उसके 16 वर्षीय बड़े भाई ने उसे फटकार लगाई थी। इसके कुछ समय बाद किशोरी ने अपने कमरे में फंदा लगा लिया।
घटना का पता चलते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस किशोरी को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पिता की मौत के बाद मां संभाल रही थी तीन बच्चों की जिम्मेदारी
बताया गया कि किशोरी की मां ममता सक्सेना सिडकुल स्थित एक कंपनी में मजदूरी कर अपने तीन बच्चों का पालन-पोषण करती हैं। परिवार पहले ही पिता को खोने का दर्द झेल रहा था। ऐसे में किशोरी की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
किशोरों के साथ संवाद और संवेदनशीलता जरूरी
इस घटना ने एक बार फिर किशोरावस्था में बच्चों के साथ संवाद, उनकी भावनाओं को समझने और सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर परिवार में संतुलित बातचीत की अहमियत को सामने ला दिया है। विशेषज्ञों के अनुसार, बच्चों की बातों को धैर्यपूर्वक सुनना और तनाव की स्थिति में उन्हें भावनात्मक सहयोग देना महत्वपूर्ण है।
नोट: किशोरी की मौत के पीछे की परिस्थितियों की पूरी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।










