उत्तराखंड- यहाँ विजिलेंस की बड़ी कार्यवाही, उरेडा के परियोजना अधिकारी 40 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेडा) बागेश्वर में तैनात परियोजना अधिकारी धीरेंद्र सिंह पटवाल को सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी की ट्रैप टीम ने शुक्रवार को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर सोलर प्लांटों की ज्वाइंट इंस्पेक्शन रिपोर्ट (जेआईआर) तैयार करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।
सतर्कता अधिष्ठान के अनुसार, शिकायतकर्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी चार फाइलें लंबे समय से उरेडा कार्यालय में लंबित थीं। आरोप है कि परियोजना अधिकारी धीरेंद्र सिंह पटवाल प्रत्येक फाइल के लिए 10 से 15 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। चारों फाइलों के लिए कुल 40 हजार रुपये की मांग की गई।
शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने सतर्कता अधिष्ठान में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया।
योजना के तहत शुक्रवार को ट्रैप टीम ने कार्रवाई करते हुए परियोजना अधिकारी धीरेंद्र सिंह पटवाल को शिकायतकर्ता से 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी धीरेंद्र सिंह पटवाल, पुत्र स्वर्गीय उदय सिंह पटवाल, मूल निवासी राजनगर पीरूमदारा, रामनगर (जनपद नैनीताल) का रहने वाला है और वर्तमान में उरेडा बागेश्वर में परियोजना अधिकारी के पद पर तैनात था। मामले में सतर्कता अधिष्ठान द्वारा आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने आमजन से भ्रष्टाचार के खिलाफ सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत मांगता है या भ्रष्टाचार से जुड़ी कोई जानकारी मिलती है तो उसकी शिकायत सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 अथवा व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर दर्ज कराई जा सकती है।








