उत्तराखंड- घने कोहरे और शीतलहर के चलते इस जिले में 29 दिसंबर को कक्षा 12 तक के सभी स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र बंद

शीतलहर और घने कोहरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून (IMD) द्वारा 28 दिसंबर 2025 को अपरान्ह 1:30 बजे जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 29 दिसंबर 2025 को जनपद ऊधम सिंह नगर में प्रातः काल से मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों और शीतलहर के प्रकोप से विद्यालय जाने वाले छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा 29 दिसंबर 2025 (सोमवार) को जनपद के समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय, सरकारी सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी इस दिन बंद रहेंगे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय बच्चों के जीवन और स्वास्थ्य पर संभावित खतरे को देखते हुए लिया गया है। मौसम की स्थिति सामान्य होने पर आगामी आदेश जारी किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को ठंड और कोहरे से बचाने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें।








