उत्तराखण्डकुमाऊं,

उत्तराखंड- यहाँ 10 वर्षीय के बच्चे को आंगन से उठा ले गया तेंदुआ, ग्रामीणों के शोर से बची जान

पिथौरागढ़ न्यूज- जिले के जीबी गांव में मंगलवार देर शाम तेंदुए के हमले से क्षेत्र में दहशत फैल गई। तेंदुआ घर के आंगन में खेल रहे 10 वर्षीय बच्चे को उठाकर जंगल की ओर ले गया। ग्रामीणों और परिजनों के शोर मचाने व पीछा करने पर तेंदुआ कुछ दूरी पर बच्चे को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। गंभीर रूप से घायल बच्चे का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

 

मिली जानकारी के अनुसार जीबी गांव निवासी प्रकाश बिष्ट पुत्र मान सिंह मंगलवार देर शाम अपने घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान अचानक झाड़ियों से निकलकर तेंदुए ने बच्चे पर हमला कर दिया और उसे मुंह में दबाकर जंगल की ओर ले गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- गंगा में बैठकर शराब पी रहे पर्यटकों का वीडियो वायरल, स्थानीय युवाओं ने जताया विरोध

 

ग्रामीणों के शोर से छोड़ा बच्चा
हमले के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों और परिजनों ने शोर मचाते हुए तेंदुए का पीछा किया। लोगों की आवाज सुनकर तेंदुआ घर से कुछ ही दूरी पर प्रकाश को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद परिजन घायल बच्चे को लेकर तत्काल जिला अस्पताल पहुंचे।

 

सिर, मुंह और हाथों में गहरे घाव
जिला अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. अमन आलम ने बताया कि बच्चे के सिर, मुंह और हाथों में गंभीर चोटें हैं। फिलहाल बच्चे का उपचार जारी है और उसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल- यहाँ अलग-अलग छापेमारी में काठगोदाम व लालकुआं पुलिस ने 2 व्यक्तियों को अवैध शराब के साथ किया गिरफ्तार

 

घायल बच्चा मूल रूप से नेपाल के बैतड़ी जिले का निवासी है। उसके पिता मान सिंह मजदूरी करते हैं। प्रकाश पिथौरागढ़ की सातशिलिंग प्राथमिक पाठशाला में कक्षा तीन का छात्र है।

 

वन विभाग की टीम मौके पर तैनात
घटना की सूचना मिलने पर वन दरोगा कैलाश ग्वासीकोटी, वन बीट अधिकारी किरन नगरकोटी और मनोज ज्याला जिला अस्पताल पहुंचे और बच्चे की स्थिति की जानकारी ली। डीएफओ आशुतोष सिंह के निर्देश पर वन विभाग की टीम जीबी गांव और आसपास के क्षेत्रों में गश्त कर रही है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- ऑपरेशन सिंदूर के बाद बढ़ी चारधाम यात्रा की सुरक्षा, केदारनाथ में ITBP तैनात, पुलिस व पैरामिलेट्री के जवान भी मुस्तैद

 

पहले भी दिख चुका है तेंदुआ
पिथौरागढ़ जिले में तेंदुए की सक्रियता पहले भी देखी जा चुकी है। दो दिन पूर्व पिथौरागढ़ नगर के खड़कोट वार्ड में तेंदुआ घुस आने से करीब तीन घंटे तक अफरा-तफरी मची रही थी, जिसे बाद में वन विभाग की टीम ने ट्रेंकुलाइज कर पिंजरे में बंद किया था। वहीं पिछले माह बडौली गांव में भी कई दिनों तक तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों में भय का माहौल बना रहा।