उत्तराखंड- यहाँ 23 वर्षीय महिला टीचर ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, होली मनाकर घर लौटी थी

देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में एक 23 वर्षीय महिला टीचर ने पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना रायपुर थाना क्षेत्र के बालावाला स्थित शिव शक्ति एन्क्लेव की है। पुलिस के अनुसार, राजलक्ष्मी पुत्री लोकेश पांडे यहां मकान की पहली मंजिल पर अकेली रहती थी और एक निजी स्कूल में टीचर के तौर पर काम करती थी। उनकी मां किरन पांडे हल्द्वानी के मोती नगर में रहती हैं।
बताया जा रहा है कि बुधवार को राजलक्ष्मी अपने दोस्तों के साथ होली का जश्न मनाने बाहर गई थी। रात करीब नौ बजे उसके दोस्त उसे घर छोड़कर चले गए। इसके करीब 15 मिनट बाद नीचे रहने वाले किरायेदार विमल भट्ट की बेटी हर्षिता किसी काम से ऊपर गई।
कमरे में पहुंचने पर उसने देखा कि राजलक्ष्मी पंखे से लटकी हुई है। यह देखते ही उसने शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दरवाजे की जाली तोड़कर उसे नीचे उतारा। इसके बाद उसे तुरंत कैलाश अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रायपुर थाना प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।








