उत्तराखंड- यहाँ होली के बहाने युवती से छेड़खानी, विरोध पर घर में घुसकर हमला; CCTV में कैद पूरी वारदात

देहरादून में होली के दौरान रंग लगाने के बहाने युवती से छेड़खानी और विरोध करने पर घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र के राजीव नगर की है। पूरी वारदात घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसका करीब दो मिनट का वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, होली खेलने के बाद एक युवती अपने घर के बाहर स्कूटी पर बैठी थी। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और जबरन रंग लगाने की कोशिश करने लगे। युवती के मना करने पर दोनों युवक अश्लील हरकतें करने लगे।
इसी बीच युवती का एक दोस्त वहां पहुंचा और उसने इस हरकत का विरोध किया। इसके बाद वह युवती को लेकर घर के गेट के अंदर चला गया। आरोप है कि दोनों युवक दबंगई दिखाते हुए घर के अंदर घुस आए और युवती व उसके दोस्त के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान युवती के साथ भी हाथापाई की गई।
शोर-शराबा सुनकर जब युवती के परिजन मौके पर पहुंचे तो उन्होंने दोनों युवकों को पीटकर घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद आरोपी कुछ देर में अपने मोहल्ले से कई लोगों को लेकर वापस लौटे और भीड़ के साथ मिलकर पूरे परिवार पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के एक परिचित के साथ भी बदसलूकी और अभद्रता की गई।
घटना के बाद पीड़ित परिवार और उनके परिचितों ने मेडिकल करवाया है और पुलिस को लिखित शिकायत सौंप दी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल ने घटना का संज्ञान लेते हुए थाना नेहरू कॉलोनी के थानाध्यक्ष संजीत कुमार को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।








