उत्तराखंड- यहाँ पिकअप गंगा में गिरी, दो युवक लापता

देवप्रयाग के समीप ऋषिकेश-बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। चिलडांग क्षेत्र में सुबह लगभग पांच बजे सब्जी से लदी एक पिकअप अनियंत्रित होकर सीधे गंगा नदी में जा गिरी। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रहा था। वाहन का नंबर UK 11 CA 2034 बताया गया है। पिकअप में दो युवक सवार थे, जो सब्जी लेकर कर्णप्रयाग जा रहे थे।
तीखे मोड़ पर बिगड़ा नियंत्रण
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही पिकअप सैनिक होटल के समीप तीव्र मोड़ पर पहुंची, चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे गंगा नदी में समा गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही देवप्रयाग पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। तेज बहाव के कारण रेस्क्यू अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
हरिद्वार से लेकर जा रहे थे सब्जी
पुलिस के मुताबिक, पिकअप में सवार युवकों की पहचान अमन नेगी (28 वर्ष), निवासी ग्राम पलेटी, पोस्ट कर्णप्रयाग, जिला चमोली और अयान (19 वर्ष), निवासी ग्राम रोखेड़ी, थाना नजीबाबाद, जिला बिजनौर के रूप में हुई है। दोनों युवक हरिद्वार / नजीबाबाद क्षेत्र से सब्जी लेकर कर्णप्रयाग की ओर जा रहे थे।
सामने आए सीसीटीवी फुटेज
हादसे से पहले के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं। फुटेज में पिकअप सुबह करीब चार बजे हाईवे से गुजरती दिखाई दे रही है। एक अन्य वीडियो में वाहन तीखे मोड़ पर अचानक बेकाबू होकर नदी में गिरता नजर आ रहा है। हालांकि स्थानीय लोगों ने वाहन में दो से अधिक लोगों के होने की आशंका जताई है, लेकिन पुलिस ने दो व्यक्तियों के सवार होने की पुष्टि की है।
सर्च अभियान के दौरान मिला मोबाइल
रेस्क्यू अभियान के दौरान घटनास्थल के पास एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। परिजनों ने फोन की पहचान अयान के मोबाइल के रूप में की है। दोनों युवकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
तेज धारा के बावजूद पुलिस, एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम युद्धस्तर पर तलाश में जुटी हुई है।
समाचार लिखे जाने तक न तो वाहन का पता चल पाया है और न ही लापता युवकों का कोई सुराग मिला है। पुलिस के अनुसार, सर्च ऑपरेशन लगातार जारी रहेगा।








