उत्तराखंड- इस जिले में कल स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद, IMD के ऑरेंज अलर्ट के बाद डीएम ने जारी किया आदेश

भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून ने 5 अगस्त 2026 को बागेश्वर जिले में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार जिले में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के अति तीव्र से अत्यन्त तीव्र दौर की संभावना है।
मौसम विभाग की चेतावनी और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने 5 अगस्त 2026 (बुधवार) को बागेश्वर जिले में कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है।
इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी 5 अगस्त को बंद रहेंगे। जिला प्रशासन की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश में कहा गया है कि मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी चेतावनी को देखते हुए जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखा जाएगा। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी, बागेश्वर को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले संबंधित संस्थान या व्यक्ति के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
5 अगस्त को इन संस्थानों में रहेगा अवकाश
– कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी विद्यालय
– सभी अशासकीय विद्यालय
– सभी निजी विद्यालय
– जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र
मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति पर नजर रखने और अनावश्यक रूप से नदी-नालों एवं संवेदनशील स्थानों की ओर न जाने की अपील की है।









