उत्तराखंड- यहाँ तेज रफ्तार डम्पर ने उजाड़ा पूरा परिवार: लक्सर सड़क हादसे में मासूम के बाद पिता की भी मौत, मां की हालत गंभीर

रुड़की/लक्सर– तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक हँसते-खेलते परिवार को हमेशा के लिए तबाह कर दिया। लक्सर क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में पहले तीन साल के मासूम की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि अब इलाज के दौरान उसके पिता ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल मां की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
यह दर्दनाक हादसा बीते दिन उस समय हुआ, जब हरिद्वार दर्शन से लौट रहा एक परिवार तेज रफ्तार डम्पर की चपेट में आ गया। बाइक पर सवार कुलदीप अपनी पत्नी रीना और तीन साल के बेटे प्रियांशु के साथ लक्सर क्षेत्र से गुजर रहे थे। बिरला फैक्ट्री के पास स्थित शनिदेव मंदिर पुल पर अचानक अनियंत्रित डम्पर ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
मासूम की मौके पर मौत, माता-पिता गंभीर घायल
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन साल के प्रियांशु ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कुलदीप और उनकी पत्नी रीना गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल दंपती को नजदीकी निजी अस्पताल भिजवाया गया।
भाग रहे डम्पर चालक को लोगों ने पकड़ा
हादसे के बाद डम्पर चालक वाहन छोड़कर फरार होने की कोशिश करने लगा, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने डम्पर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जॉलीग्रांट में इलाज के दौरान पिता ने तोड़ा दम
गंभीर रूप से घायल कुलदीप और उनकी पत्नी को पहले हरिद्वार रेफर किया गया, जहां से हालत बिगड़ने पर दोनों को जॉलीग्रांट अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान कुलदीप की मौत हो गई, जबकि रीना की हालत अभी भी चिंताजनक बताई जा रही है।
दो छोटे बच्चे हुए अनाथ
इस हादसे ने परिवार को पूरी तरह से बिखेर कर रख दिया है। मृतक कुलदीप मुजफ्फरनगर जिले के थाना भोपा क्षेत्र के मजलिसपुर खैर नगर गांव के निवासी थे और बेहद मिलनसार स्वभाव के बताए जा रहे हैं। उनके निधन के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि कुलदीप अपने पीछे 6 साल के बेटे और 4 साल की बेटी को अनाथ छोड़ गए हैं।
सख्त कार्रवाई की मांग, जांच में जुटी पुलिस
पीड़ित परिवार की ओर से आरोपी डम्पर चालक के खिलाफ तहरीर दी गई है और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार, लापरवाही और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी के भयावह परिणामों की चेतावनी देता है।








