उत्तराखंड- यहाँ ट्रक चालक ने दोस्त को कुचलकर उतारा मौत के घाट, भांजियों पर अश्लील टिप्पणी से था नाराज़

रुड़की के भगवानपुर क्षेत्र में होली के दिन दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक ट्रक चालक ने अपने ही दोस्त को ट्रक से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है कि मृतक आरोपी की भांजियों पर अक्सर अश्लील टिप्पणी करता था, जिसको लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
प्रताप कॉलोनी निवासी एक महिला ने भगवानपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि ट्रक नंबर UP17 BT 8882 के चालक राजीव ने उसके पति राहुल कुमार को भगवानपुर टोल प्लाजा के पास ट्रक से कुचलकर मार डाला। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी राजीव को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल ट्रक भी बरामद कर लिया है।
शराब के दौरान हुआ विवाद
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि राहुल अक्सर उसके साथ शराब पीता था और नशे की हालत में उसकी भांजियों के बारे में अश्लील टिप्पणियां करता था। कई बार समझाने के बावजूद राहुल अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
होली के दिन बढ़ा विवाद
आरोपी के मुताबिक होली के दिन दोनों भगवानपुर टोल प्लाजा के पास ट्रक में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान राहुल ने फिर से उसकी भांजियों को लेकर आपत्तिजनक बातें शुरू कर दीं। इससे गुस्साए राजीव ने पहले उसे ट्रक से नीचे उतार दिया। जैसे ही राहुल टोल की ओर जाने लगा, आरोपी ने उस पर ट्रक चढ़ा दिया।
वारदात के बाद ट्रक लेकर सो गया आरोपी
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रक लेकर नन्हेड़ा रोड पहुंचा और वहीं ट्रक खड़ा कर सो गया। पुलिस ने जांच के दौरान ट्रक बरामद कर लिया है और आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।








