उत्तराखंड- वर्दी वाली वसूली’ वीडियो वायरल: परिवहन उप निरीक्षक निलंबित, विभागीय जांच शुरू
हर्रावाला में ट्रांसपोर्टर ने लगाए अवैध वसूली के आरोप, सोशल मीडिया पर वीडियो फैलने के बाद परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई

देहरादून न्यूज़– इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुए ‘वर्दी वाली वसूली’ के वीडियो ने परिवहन विभाग में हड़कंप मचा दिया। विभाग की छवि पर उठते सवालों और बढ़ते जनदबाव के बीच परिवहन उप निरीक्षक शशिकांत तेंगोवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

बताया जा रहा है कि सोमवार रात हर्रावाला क्षेत्र से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में परिवहन उप निरीक्षक शशिकांत तेंगोवाल एक ट्रांसपोर्टर की दुकान के भीतर घिरे दिखाई दे रहे हैं। ट्रांसपोर्टर ने उन पर खुलेआम अवैध वसूली करने के गंभीर आरोप लगाए।
वीडियो सामने आने के बाद परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे। मामला बढ़ता देख विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उप निरीक्षक को निलंबित कर दिया।
परिवहन उपायुक्त शैलेश तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया आरोपित उप निरीक्षक का आचरण उत्तराखंड कर्मचारी आचरण नियमावली के विपरीत पाया गया है। उन्होंने कहा कि इस घटना से विभाग की छवि धूमिल हुई है, जिसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की गई है।
उन्होंने बताया कि शशिकांत तेंगोवाल को मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। साथ ही उनके खिलाफ आरोप-पत्र जारी कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोगों ने परिवहन विभाग में कथित अवैध वसूली पर सवाल उठाते हुए पारदर्शिता और सख्त कार्रवाई की मांग की है।








