उत्तराखंड- एकतरफा प्यार में सनकी बना युवक: प्रेमिका के पिता की हथौड़े से हत्या, दोस्ती कर रची थी खौफनाक साजिश

हरिद्वार में एकतरफा प्यार के जुनून में एक युवक ने दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दे दिया। प्रेमिका से शादी करने की चाहत में आरोपी ने पहले उसके पिता से दोस्ती की और फिर उन्हें रास्ते से हटाने के लिए अपने साथी के साथ मिलकर हत्या कर दी।
मामला साल 2024 से शुरू होता है, जब सिडकुल क्षेत्र की एक फैक्ट्री में काम करने वाला पंकज कुमार एक परिचित के यहां आयोजित कथा में गया था। वहीं उसकी मुलाकात राजवीर सिंह की बेटी से हुई। युवती पहले से शादीशुदा थी, बावजूद इसके पंकज उससे एकतरफा प्यार करने लगा।
इसके बाद आरोपी ने धीरे-धीरे युवती के परिवार में अपनी पैठ बनानी शुरू की। वह घर के छोटे-मोटे काम करने लगा और राजवीर सिंह से नजदीकियां बढ़ा लीं। हालात ऐसे हो गए कि वह परिवार के सदस्य की तरह घर आने-जाने लगा और पारिवारिक कार्यक्रमों में भी शामिल होने लगा। यह सिलसिला करीब दो साल तक चलता रहा।
इसी बीच साल 2026 की शुरुआत में पंकज ने राजवीर सिंह से उनकी बेटी से शादी कराने की बात कही। राजवीर ने इस प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया। इनकार से आहत आरोपी ने उन्हें रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
26 अप्रैल की शाम पंकज अपने साथी छोटेलाल के साथ राजवीर को शराब पिलाने के बहाने बहादराबाद क्षेत्र के बोंगला बाईपास के पास पॉपलर के खेत में ले गया। वहां तीनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान पंकज ने एक बार फिर युवती का तलाक करवाकर उससे शादी कराने की बात कही। इस पर राजवीर गुस्सा हो गए और वहां से जाने लगे।
गुस्से में आकर पंकज ने पास रखे हथौड़े से राजवीर के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
जब राजवीर रात तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। अगली सुबह उनका शव खेत में मिला, जिसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन से मिले। शराब के ठेके के बाहर लगे कैमरे में आरोपी हथौड़ा ले जाते हुए दिखाई दिया। इसके आधार पर पुलिस ने लकी हॉस्पिटल के पास से मुख्य आरोपी पंकज को गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर साथी छोटेलाल को भी दबोच लिया।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि आरोपी युवती से शादी करना चाहता था और इसी जुनून में उसने हत्या की साजिश रची। फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
बहादराबाद थाने में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।








