उत्तराखंड- यहाँ संदिग्ध हालात में युवक की मौत: यूकेलिप्टस के पेड़ से लटका मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

खटीमा/ऊधम सिंह नगर– जिले के खटीमा क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में यूकेलिप्टस के पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव लटकाए जाने की आशंका जताई है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, खटीमा के ग्राम वनगवां निवासी 23 वर्षीय हीरा सिंह (पुत्र जोगिंदर सिंह) का शव मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे घर से लगभग 100 मीटर दूर खेत में खड़े यूकेलिप्टस के पेड़ से लटका हुआ मिला। सुबह ग्रामीणों की नजर जब शव पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने शव को नीचे उतार लिया था।
बताया जा रहा है कि सोमवार रात हीरा सिंह खाना खाने के बाद किसी से मिलने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात करीब 11 बजे उसने अपने पिता के फोन पर कॉल कर मां से बात करने की इच्छा जताई, लेकिन पिता ने कॉल काट दिया और फोन फ्लाइट मोड पर डालकर सो गए। इसके बाद सुबह युवक का शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।
दो बहनों का इकलौता भाई था मृतक
हीरा सिंह अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी दो बहनें ज्योति कौर और सुमन कौर हैं। बेटे की मौत से परिवार गहरे सदमे में है। पिता जोगिंदर सिंह ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।








