कैंची धाम दर्शन के बाद घर नहीं लौटा यूपी का विनीत, संदिग्ध हालात में लापता

विश्व प्रसिद्ध नीब करौरी बाबा के दर्शन के लिए कैंची धाम मंदिर आए उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर निवासी 42 वर्षीय विनीत कुमार दीक्षित रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। परिजनों की सूचना पर काठगोदाम जीआरपी थाने में गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है और पुलिस ने युवक की तलाश शुरू कर दी है।

लापता युवक के भाई प्रदीप कुमार ने जीआरपी काठगोदाम में दी गई तहरीर में बताया कि विनीत कुमार दीक्षित दो जनवरी को कैंची धाम में बाबा के दर्शन करने पहुंचे थे। दर्शन के बाद उसी दिन रात करीब 09:47 बजे वह हावड़ा–काठगोदाम एक्सप्रेस से शाहजहांपुर के लिए रवाना हुए थे। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया।
परिजनों के अनुसार पांच जनवरी तक भी विनीत अपने घर नहीं पहुंचे, जिसके बाद उनकी लगातार तलाश की गई। रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क किया गया, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। विनीत का मोबाइल फोन भी बंद जा रहा है, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है।
विनीत के भाई प्रदीप कुमार ने पुलिस से अपने भाई की शीघ्र तलाश करने की गुहार लगाई है। उन्होंने आशंका जताई है कि यात्रा के दौरान किसी अज्ञात स्थान पर कोई अनहोनी हो सकती है।
जीआरपी काठगोदाम पुलिस ने तहरीर के आधार पर गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि ट्रेन के यात्रा विवरण, सीसीटीवी फुटेज और अन्य संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। साथ ही संबंधित थानों और रेलवे अधिकारियों से भी संपर्क किया गया है।
पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी को विनीत कुमार दीक्षित के संबंध में कोई जानकारी मिले तो वह तुरंत काठगोदाम जीआरपी या नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें।








