उत्तराखंड में मौसम का कहर: पिथौरागढ़ में गिरे अंडे के आकार के ओले, कुर्सियों तक में हुए छेद; कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में मौसम ने अचानक करवट ले ली। गुरुवार दोपहर बाद पिथौरागढ़ और बागेश्वर में तेज बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि हुई। पिथौरागढ़ शहर में गिरे ओलों का आकार इतना बड़ा था कि लोगों में दहशत फैल गई। कई स्थानों पर अंडे के आकार के ओले गिरने से नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय युवक मनोज ओझा ने ओलों का वजन किया तो उनका वजन करीब 200 से 250 ग्राम तक निकला। भारी ओलावृष्टि के चलते बाहर रखी प्लास्टिक की कुर्सियों तक में छेद हो गए। अचानक बदले मौसम से लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ गई है।
वहीं बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र के बिचला दानपुर में भी करीब आधे घंटे तक तेज बारिश और ओलावृष्टि होती रही। कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ मौसम खराब बना रहा।
मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों में बारिश की संभावना जताई है। विभाग की ओर से उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि होने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।
इसके अलावा देहरादून, टिहरी समेत राज्य के अन्य जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, उच्च हिमालयी क्षेत्रों विशेषकर 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी की भी संभावना बनी हुई है।
अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम
29 मई: पर्वतीय जिलों के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
30 मई: राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन की संभावना जताई गई है।
31 मई: उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन हो सकता है। जबकि अन्य जिलों में हल्की बारिश और गर्जना की संभावना बनी रहेगी।








