उत्तराखण्डकुमाऊं,गढ़वाल,मौसममौसम

उत्तराखंड में मौसम फिर करवट लेने को तैयार, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी की संभावना, तीन जिलों में यलो अलर्ट

उत्तराखंड में बीते रविवार को हुई वर्षा और बर्फबारी के बाद सोमवार को प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहा। राज्य के अधिकांश मैदानी क्षेत्रों में दिनभर तेज धूप खिली रही, जिससे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं शाम के समय पर्वतीय इलाकों में आंशिक बादल छाए रहे। हालांकि मौसम विभाग ने आज एक बार फिर मौसम के मिजाज में बदलाव की संभावना जताई है।

 

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज राज्य के कुछ पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है, जबकि 2800 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात की संभावना बनी हुई है। सोमवार को देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही तेज धूप खिली रही, जिससे दिन के समय तपिश महसूस की गई। जबकि इससे एक दिन पहले रविवार को दून में हल्की से मध्यम वर्षा के तीन से चार दौर हुए थे और देर रात तक बूंदाबांदी दर्ज की गई थी।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- आज देहरादून समेत इन जिलों में बारिश का रेड अलर्ट, रहे सावधान।

 

पहाड़ों में हुई बर्फबारी के बाद मौसम साफ होने से पर्यटन गतिविधियों में तेजी देखने को मिली है। चकराता सहित अन्य हिल स्टेशनों में पर्यटकों ने बर्फ में अठखेलियां कीं। हालांकि शाम के समय पर्वतीय क्षेत्रों में फिर से आंशिक बादल मंडराने लगे।

यह भी पढ़ें 👉  गुमशुदा बबीता पांडे और 'परियों के देश' की कहानी, 38 दिन की तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग"

 

मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हो सकता है। इसके अलावा राज्य के अन्य पर्वतीय इलाकों में भी बहुत हल्की वर्षा या बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

 

मैदानी क्षेत्रों की बात करें तो हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जनपदों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बन सकती है।

यह भी पढ़ें 👉  मिशन कालनेमी पर लालकुआं पुलिस और खुफिया विभाग की सख्त पूछताछ

 

इस बीच मौसम विभाग ने देहरादून, पौड़ी और नैनीताल जनपदों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

 

मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।