उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम, 10 जिलों में आज बारिश के आसार; 26-27 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। आज राज्य के 10 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। इनमें उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, पौड़ी, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ शामिल हैं। वहीं, राज्य के अन्य जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।
इससे पहले बुधवार को हल्द्वानी में दोपहर बाद अचानक मौसम बदला। तेज आंधी के साथ हुई बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। कई सड़कों पर पानी भरने से आवाजाही प्रभावित हुई और सड़कें तालाब जैसी नजर आईं। अचानक हुई बारिश से लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार 25 सितंबर से प्रदेश में बारिश का दौर फिर तेज हो सकता है। बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
इसके बाद 26 और 27 सितंबर को बारिश का दायरा और बढ़ सकता है। बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं चमोली, पौड़ी, रुद्रप्रयाग और देहरादून में भी तेज बारिश हो सकती है।
पहाड़ी क्षेत्रों में तेज बारिश के कारण भूस्खलन और सड़कें बाधित होने का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में पर्वतीय मार्गों पर सफर करने वाले लोगों को मौसम की स्थिति और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
कुल मिलाकर प्रदेश में अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज बदलता नजर आएगा। आज कुछ जिलों में बारिश के बाद 25 सितंबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ने और 26-27 सितंबर को कई क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना है।








