पर्वतीय जिलों में बदलेगा मौसम, बारिश-बर्फबारी से तापमान में गिरावट के आसार

देहरादून न्यूज़– उत्तराखंड में लंबे समय से जारी शुष्क मौसम के बाद अब मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। आज से प्रदेश के कई पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम में इस बदलाव के चलते तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे फरवरी में बढ़ती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और अल्मोड़ा जिलों में भी बहुत हल्की से हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं।
3000 मीटर से ऊपर बर्फबारी की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि 3000 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इससे बद्रीनाथ, हेमकुंड साहिब और आसपास के ऊंचाई वाले इलाकों में एक बार फिर बर्फ की सफेद चादर बिछने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि सोमवार को भी बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई थी।
मैदानी जिलों में कोहरे की चेतावनी
प्रदेश के मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में सुबह के समय छिछले से मध्यम कोहरे के कारण दृश्यता प्रभावित हो सकती है। मौसम विभाग ने वाहन चालकों को सतर्कता बरतने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की सलाह दी है।
11 फरवरी तक बना रह सकता है मौसम का असर
पूर्वानुमान के मुताबिक 11 फरवरी तक प्रदेश में मौसम का यही रुख बना रह सकता है। हालांकि अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं 12 फरवरी से पूरे प्रदेश में मौसम साफ होने की उम्मीद जताई गई है।
दिन में गर्मी, सुबह-शाम ठंड बरकरार
बीते कुछ दिनों से शुष्क मौसम के चलते तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही थी, जिससे दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ गया है। दिन में तेज धूप से गर्मी महसूस हो रही है, जबकि सुबह और शाम ठंड अब भी बनी हुई है। सोमवार को देहरादून में अधिकांश समय बादल छाए रहे और बीच-बीच में धूप निकलने से हल्की गर्माहट महसूस की गई।








