उत्तराखण्डकुमाऊं,गढ़वाल,

उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट, तेज हवाओं के साथ यलो अलर्ट जारी

देहरादून न्यूज़– उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में मौसम ने एक बार फिर करवट लेने के संकेत दिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। वहीं 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी होने की भी संभावना जताई गई है।

 

राज्य के अन्य हिस्सों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें 👉  जम्मू-कश्मीर के कठुआ में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए पांचों जवानों के पार्थिव शरीर पहुंचे उत्तराखंड, जौलीग्रांट एयरपोर्ट में सीएम धामी ने दी श्रद्धांजलि

 

इससे पहले गुरुवार को डीडीहाट और कनालीछीना समेत कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई, जबकि केदारनाथ धाम और सोनप्रयाग में भी मौसम बदला हुआ नजर आया।

 

देहरादून में मौसम का हाल
राजधानी देहरादून में आसमान मुख्यतः साफ से लेकर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल में दर्दनाक सड़क हादसा: कैंची धाम के पास यूपी के सैलानियों की स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त, 3 की मौत, 4 घायल

 

अगले तीन दिनों का पूर्वानुमान
28 मार्च को पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रह सकता है।
29 मार्च को कई पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड के पांच जिलों में दो दिन हल्की बारिश-बर्फबारी के आसार, बाकी प्रदेश में मौसम शुष्क

30 मार्च को भी पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रह सकता है, जबकि मैदानी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में सतर्कता बरतें।