देहरादून समेत 5 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट, 21 जुलाई तक ऐसा रहेगा मौसम

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड के कई हिस्सों में देर रात हुई बारिश के बाद शुक्रवार सुबह मौसम फिलहाल शांत नजर आया। देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत और बागेश्वर में रातभर अच्छी बारिश दर्ज की गई, हालांकि सुबह तक अधिकांश क्षेत्रों में बारिश थम गई। इसके बावजूद मौसम विभाग ने इन पांच जिलों के लिए भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, कुमाऊं मंडल के अधिकांश जिलों में दिन के दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं गढ़वाल मंडल के पर्वतीय जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हरिद्वार जिले में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने के आसार हैं।
विभाग ने देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी रखी है। इसके अलावा प्रदेश के सभी पर्वतीय जिलों और ऊधम सिंह नगर में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना भी जताई गई है। ऐसे में लोगों को नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 21 जुलाई तक प्रदेश में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है और बीच-बीच में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
अगले तीन दिनों का मौसम पूर्वानुमान
17 जुलाई: प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बौछारें पड़ने की संभावना।
18 जुलाई: उत्तराखंड के अधिकांश जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज बौछारें पड़ सकती हैं।
19 जुलाई: अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने के साथ गरज-चमक और तेज बौछारों की संभावना है। कुछ इलाकों में बारिश के तीव्र दौर भी देखने को मिल सकते हैं।
मौसम विभाग की सलाह: पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोग मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करें। भारी बारिश के दौरान नदी-नालों के आसपास जाने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।








