चालान के बाद टूटा हौसला: युवक ने जहर खाकर दी जान, परिजनों ने पुलिस पर लगाए आरोप

नैनीताल जिले के बेतालघाट ब्लॉक के लोहाली गांव में एक 40 वर्षीय व्यक्ति ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान बालम सिंह के रूप में हुई है। परिजनों ने इस घटना के पीछे पुलिस कार्रवाई को जिम्मेदार ठहराते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि पुलिस ने इन आरोपों से इनकार किया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम पुलिस ने अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे के चमड़ियां क्षेत्र से बालम सिंह को अन्य युवकों के साथ रोका और भवाली थाना क्षेत्र की खैरना चौकी ले गई। यहां पुलिस ने शांति भंग के आरोप में उसका चालान किया। परिजनों का कहना है कि इस कार्रवाई के बाद वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गया था।
बताया जा रहा है कि देर रात घर लौटने के बाद बालम सिंह ने घर में रखा विषाक्त पदार्थ पी लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। पंचायतनामा और पोस्टमार्टम को लेकर जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए पैनल से पोस्टमार्टम कराने की मांग की, जिसे पुलिस ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया गया।
वहीं परिजनों का आरोप है कि पुलिस की प्रताड़ना से आहत होकर बालम सिंह ने यह कदम उठाया। दूसरी ओर एसपी क्राइम जगदीश चंद्र ने बताया कि युवक शराब के नशे में उत्पात मचा रहा था, जिसके चलते 250 रुपये का चालान कर उसे छोड़ दिया गया था। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।
फिलहाल इस घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और लोग पूरे मामले में सच्चाई सामने आने की मांग कर रहे हैं।








