उत्तराखंड- इस जिले में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 31 अगस्त को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद

भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से 30 अगस्त 2026 को जारी मौसम पूर्वानुमान के बाद बागेश्वर जिले में 31 अगस्त को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। मौसम विभाग ने जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने के साथ ही गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत सोमवार 31 अगस्त 2026 को बागेश्वर जिले में कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
जारी आदेश में कहा गया है कि 31 अगस्त को जिले में भारी बारिश के साथ वर्षा का दौर अति तीव्र से अत्यन्त तीव्र हो सकता है। ऐसे में विद्यार्थियों और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी बागेश्वर को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले संबंधित संस्थान के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अभिभावकों से अपील है कि वे मौसम की स्थिति को देखते हुए बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न भेजें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।









