उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी ईको कार, 7 लोगों की मौत, 5 घायल

उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। रिखणीखाल ब्लॉक में सिद्धखाल-कलवाड़ी-सतपुली मार्ग पर कलवाड़ी बैंड के पास एक ईको कार अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में जान गंवाने वाली महिलाएं एक ही परिवार की थीं। सभी महिलाएं बैणी-भुली योजना के फॉर्म भरने के लिए सिद्धखाल गई थीं और वहां से अपने गांव भगलवाण लौट रही थीं।
जानकारी के अनुसार, ईको कार में कुल 12 लोग सवार थे। सिद्धखाल से भगलवाण लौटते समय कलवाड़ी बैंड के पास अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में कार चला रहे वाहन मालिक अनिल देवराड़ा की भी मौत हो गई।
बताया गया है कि कार में सवार महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़ी थीं। सभी एक ही परिवार की थीं और बैणी-भुली योजना से संबंधित फॉर्म भरने के लिए सिद्धखाल पहुंची थीं। फॉर्म भरने के बाद घर लौटते समय रास्ते में यह हादसा हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। रिखणीखाल, लैंसडौन और कोटद्वार से राहत एवं बचाव दल रवाना किए गए। लैंसडौन की उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य भी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। स्थानीय ग्रामीणों, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया।
लैंसडौन क्षेत्र की सीओ अस्मिता के मुताबिक, हादसे में सात लोगों की मौत हुई है, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। सभी शवों को खाई से बाहर निकाल लिया गया है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।












