हल्द्वानी बाजार के 6 चौराहों पर वाहनों की एंट्री बंद, जानें कहां पार्क होगी गाड़ी और किस रास्ते से पहुंचेंगे बाजार

हल्द्वानी न्यूज़- धनतेरस और दीपावली के त्योहार को देखते हुए हल्द्वानी पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है। बाजार में बढ़ती भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए छह प्रमुख चौराहों से बाजार क्षेत्र में वाहनों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इसके साथ ही शहर में आने-जाने वाले रोडवेज, सिटी और सिडकुल बसों से लेकर छोटे निजी वाहनों, दोपहिया वाहनों, ऑटो और ई-रिक्शा के लिए भी अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं।
पुलिस का यह ट्रैफिक प्लान 6 नवंबर से 8 नवंबर 2026 तक प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक लागू रहेगा। वहीं, मालवाहक वाहनों के लिए सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक प्रतिबंध प्रभावी रहेगा। ऐसे में अगर आप धनतेरस और दीपावली की खरीदारी के लिए हल्द्वानी बाजार आने वाले हैं तो घर से निकलने से पहले नया रूट और पार्किंग व्यवस्था जरूर जान लें।
बाजार के इन छह चौराहों से नहीं मिलेगी एंट्री
बाजार में भीड़ और जाम की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने छह प्रमुख स्थानों से छोटे-बड़े और दोपहिया वाहनों का बाजार क्षेत्र में प्रवेश प्रतिबंधित किया है।
- मंगलपड़ाव
- सिंधी चौराहा
- सिटी चौराहा
- कालाढूंगी चौराहा
- ओके होटल चौराहा
- ताज चौराहा
इन स्थानों से कोई भी वाहन बाजार के अंदर प्रवेश नहीं कर सकेगा।
रोडवेज, सिटी और सिडकुल बसों के लिए बदले रूट
रामपुर रोड से आने वाली बसें: टीपी नगर तिराहे से डायवर्ट होकर होंडा शोरूम तिराहा, तीनपानी, गौलापार रोड और नारीमन तिराहा होते हुए काठगोदाम से तिकोनिया और नैनीताल बैंक तिराहे के रास्ते रोडवेज स्टेशन पहुंचेंगी। आवश्यकता पड़ने पर बसों को टीपी नगर तिराहे से वापस किया जाएगा।
बरेली रोड से आने वाली बसें: तीनपानी फ्लाईओवर से गौलापार रोड होते हुए नारीमन तिराहा, तिकोनिया और नैनीताल बैंक तिराहे से रोडवेज स्टेशन पहुंचेंगी। जरूरत पड़ने पर होंडा शोरूम तिराहे से वापस किया जाएगा।
कालाढूंगी रोड से आने वाली बसें: ऊंचापुल या लालडांठ तिराहे से डायवर्ट होकर पनचक्की, हाईडिल और तिकोनिया होते हुए नैनीताल बैंक तिराहे से रोडवेज स्टेशन पहुंचेंगी। जरूरत पड़ने पर लालडांठ तिराहे से वापस किया जाएगा।
पर्वतीय क्षेत्र से आने वाली बसें: रोडवेज और केमू की बसें नैनीताल रोड से सीधे तिकोनिया होते हुए नैनीताल बैंक तिराहे से रोडवेज और केमू स्टेशन पहुंचेंगी। अन्य सिटी और सिडकुल बसें कॉलटैक्स या हाईडिल तिराहे से पनचक्की, चंबल पुल और ऊंचापुल-लालडांठ मार्ग का इस्तेमाल करेंगी।
रोडवेज स्टेशन से जाने वाली बसें: रामपुर और बरेली रोड की बसें रोडवेज के पूर्वी गेट से वर्कशॉप लाइन, तिकोनिया, नारीमन तिराहा और गौलापार रोड होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगी। कालाढूंगी रोड की बसें हाईडिल, पनचक्की, चंबल पुल और ऊंचापुल-लालडांठ होते हुए निकलेंगी। पर्वतीय क्षेत्र की बसें नैनीताल रोड का इस्तेमाल करेंगी।
वॉल्वो बसों के लिए व्यवस्था: दिल्ली और अन्य स्थानों के लिए संचालित वॉल्वो बसें अपने निर्धारित स्थान से ही यात्रियों को बैठाएंगी और उतारेंगी। कोई भी वॉल्वो बस हल्द्वानी शहर के अंदर प्रवेश नहीं करेगी।
इन तीन तिराहों से बसों की एंट्री बंद: टीपी नगर तिराहा (रामपुर रोड), होंडा शोरूम तिराहा (बरेली रोड) और लालडांठ तिराहा (कालाढूंगी रोड) से शहर की ओर रोडवेज, सिटी और सिडकुल बसों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
छोटे और निजी वाहनों के लिए ये रहेंगे रास्ते
बरेली रोड से आने वाले वाहन: पर्वतीय क्षेत्र की ओर जाने वाले छोटे वाहन तीनपानी फ्लाईओवर से गौलापार रोड होते हुए नारीमन तिराहा पहुंचेंगे। अन्य वाहन गांधी इंटर कॉलेज तिराहे से एफटीआई, आईटीआई और मुखानी चौराहे की ओर डायवर्ट होंगे।
रामपुर रोड से आने वाले वाहन: पर्वतीय क्षेत्र की ओर जाने वाले वाहन गन्ना सेंटर/शीतल होटल तिराहे से तीनपानी फ्लाईओवर और गौलापार रोड होते हुए नारीमन तिराहा पहुंचेंगे। अन्य वाहन आईटीआई तिराहे से मुखानी चौराहे की ओर जाएंगे।
कालाढूंगी रोड से आने वाले वाहन: पर्वतीय क्षेत्र की ओर जाने वाले वाहन ऊंचापुल/लालडांठ से पनचक्की, हाईडिल/कॉलटैक्स और नारीमन तिराहा होते हुए जाएंगे। अन्य छोटे वाहन मुखानी चौराहे से डायवर्ट होंगे।
पर्वतीय क्षेत्र से आने वाले वाहन: बरेली और रामपुर रोड की ओर जाने वाले वाहन नारीमन तिराहा से गौलापार रोड होते हुए तीनपानी पहुंचेंगे। वहीं कालाढूंगी रोड की ओर जाने वाले वाहन कॉलटैक्स/हाईडिल से पनचक्की, चंबल पुल और चौफला होते हुए ऊंचापुल से आगे जाएंगे।
काठगोदाम से शहर आने वाले वाहन: महारानी होटल तिराहे से कुल्यालपुरा चौराहा और पानी की टंकी होते हुए वाहन आगे जाएंगे। वहीं नैनीताल बैंक तिराहे से आने वाले वाहनों को अर्बन बैंक तिराहा और जेल रोड तिराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
कहां पार्क करनी होगी आपकी गाड़ी? पुलिस ने तय किए पार्किंग स्थल
बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों की सुविधा के लिए अलग-अलग मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
- नैनीताल रोड और कालाढूंगी रोड से आने वाले दोपहिया वाहन: मिनी स्टेडियम रोड के बाईं ओर पार्क होंगे।
- नैनीताल रोड और रेलवे बाजार से आने वाले वाहन: रामलीला मैदान और रेलवे स्टेशन में पार्क होंगे।
- कालाढूंगी रोड से आने वाले वाहन: पर्वतीय उत्थान मंच, हीरानगर में पार्क होंगे।
- बरेली रोड से आने वाले वाहन: लक्ष्मी शिशु मंदिर, मंगलपड़ाव में पार्क होंगे।
- रामपुर रोड से आने वाले वाहन: एचएन इंटर कॉलेज मैदान में पार्क होंगे।
- बाजार के व्यापारी: सरस बाजार पार्किंग और सिंधी स्वीट्स के पास मैजिक स्टैंड की पार्किंग में वाहन खड़े करेंगे।
ऑटो, ई-रिक्शा और मैजिक स्टैंड भी शिफ्ट
त्योहारी सीजन में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऑटो, टेंपो, ई-रिक्शा और मैजिक के संचालन स्थलों में भी बदलाव किया गया है।
- कालाढूंगी चौराहा और भोलानाथ टेंपो/ई-रिक्शा स्टैंड जेल रोड तिराहे से संचालित होंगे।
- ओके होटल के दोनों ऑटो स्टैंड बर्फ वाली गली से संचालित होंगे।
- सिंधी स्वीट्स मैजिक स्टैंड और सरगम ऑटो स्टैंड एचएन इंटर कॉलेज, रामपुर रोड से संचालित होंगे।
- मंगलपड़ाव के दोनों ऑटो स्टैंड, विक्रम और मैजिक स्टैंड लक्ष्मी शिशु मंदिर से आगे सड़क के बाईं ओर शिफ्ट किए जाएंगे।
मालवाहक वाहनों की एंट्री पर भी प्रतिबंध
6 से 8 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक हल्द्वानी शहर में सभी प्रकार के छोटे और बड़े मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। दूध, तेल, गैस और सब्जी जैसी आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को भी शहर के अंदर प्रवेश करने के बजाय बाईपास मार्गों का इस्तेमाल करना होगा।
पुलिस की अपील, घर से निकलने से पहले देख लें ट्रैफिक प्लान
त्योहारी सीजन में बाजार में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। बाजार के अंदर अनावश्यक रूप से वाहन लेकर न जाएं और यातायात पुलिस की ओर से निर्धारित डायवर्जन मार्गों का पालन करें।
धनतेरस और दीपावली की खरीदारी के लिए हल्द्वानी बाजार जाने वाले लोग घर से निकलने से पहले अपना रूट और पार्किंग स्थल तय कर लें। इससे जाम में फंसने से बचने के साथ ही बाजार में खरीदारी करना भी आसान होगा।










