देहरादून में अमित शाह ने राहुल गांधी को लेकर क्या कहा? कांग्रेस पर भी बरसे, 2027 चुनाव को लेकर किया बड़ा दावा

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड के 26वें राज्य स्थापना दिवस समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बड़ा सियासी संदेश दिया। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। इसके लिए पार्टी ने 65 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य तय किया है। शाह ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कांग्रेस की वोट बचाओ यात्रा पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस घुसपैठियों को बचाने की कोशिश कर रही है।
शुक्रवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित राज्योत्सव समारोह में अमित शाह ने भारत माता के जयकारों के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड की जनता ने भाजपा को लगातार दो बार सरकार बनाने का अवसर दिया है। अब प्रदेश में तीसरी बार भी भाजपा की सरकार बनने जा रही है।
अटल जी ने बनाया उत्तराखंड, मोदी संवार रहे हैं
अमित शाह ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि अलग राज्य के निर्माण के लिए यहां की जनता ने लंबा संघर्ष किया। रामपुर तिराहा सहित विभिन्न स्थानों पर हुए आंदोलनों और लोगों के बलिदान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने 9 नवंबर 2000 को उत्तराखंड राज्य बनाने का सपना साकार किया था। भाजपा ने राज्य निर्माण में अहम भूमिका निभाई और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश को संवारने का काम हो रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि वर्ष 2047 तक उत्तराखंड देश के विकसित राज्यों में अग्रणी स्थान हासिल करेगा।
राहुल गांधी और कांग्रेस पर साधा निशाना
केंद्रीय गृह मंत्री ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके उत्तराखंड आने-जाने से भाजपा के काम पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है। उन्होंने कांग्रेस की वोट बचाओ यात्रा पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि यह यात्रा घुसपैठियों को बचाने के उद्देश्य से निकाली जा रही है। शाह ने कांग्रेस पर उत्तराखंड राज्य निर्माण का विरोध करने और प्रदेश के विकास को पीछे रखने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में पहाड़ से पलायन बढ़ा और पहाड़ का पानी व जवानी पहाड़ के काम नहीं आ सकी। भाजपा सरकार इन चुनौतियों से निपटने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
UCC और सख्त कानूनों को बताया उपलब्धि
अमित शाह ने धामी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जिसने समान नागरिक संहिता लागू की है। अब दूसरे राज्य भी इस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने तीन तलाक, हलाला, सख्त नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून का भी उल्लेख करते हुए प्रदेश सरकार के फैसलों को महत्वपूर्ण बताया।
सीमांत क्षेत्रों के विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा पर जोर
शाह ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़क और बुनियादी सुविधाओं के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि पहले सीमांत इलाकों में कनेक्टिविटी पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया, लेकिन अब केंद्र सरकार इन क्षेत्रों में सड़क और अन्य सुविधाओं को मजबूत कर रही है। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सुरक्षा मजबूत हुई है और भारत की ओर आंख उठाने वालों को कड़ा जवाब दिया गया है।
2017 और 2022 के चुनावी प्रदर्शन का किया जिक्र
अमित शाह ने भाजपा के पिछले विधानसभा चुनावों के प्रदर्शन का आंकड़ा रखते हुए कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 46 प्रतिशत वोट के साथ 57 सीटें मिली थीं, जबकि 2022 के चुनाव में 44 प्रतिशत वोट के साथ पार्टी ने 47 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
उन्होंने कहा कि अब पार्टी को 65 से अधिक सीटें जीतने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ना है। भाजपा कई राज्यों में लगातार तीसरी बार सरकार बना चुकी है और अब उत्तराखंड में भी पार्टी की हैट्रिक होगी।
अमित शाह ने उत्तराखंड को देश की सांस्कृतिक राजधानी बनाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश को सुरक्षित, समृद्ध और विकसित बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।










