उत्तराखंड में फिर बिगड़ेगा मौसम, 4 सितंबर तक भारी बारिश का अलर्ट; इन जिलों में ज्यादा खतरा

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश में आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान जताया है। 30 अगस्त से 4 सितंबर तक कई जिलों में भारी बारिश के दौर की संभावना है। वहीं 31 अगस्त और 1 सितंबर को कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार 30 अगस्त को देहरादून, पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और बिजली गिरने की भी आशंका है।
31 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर, चमोली और नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद 1 सितंबर को देहरादून और टिहरी में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। 2 से 4 सितंबर के बीच भी प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है।
बारिश के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने और नदी-नालों के जलस्तर बढ़ने का खतरा बना रह सकता है। वहीं मैदानी इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा होने की आशंका है।
मौसम विभाग ने लोगों से बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को भी अलर्ट रहने की जरूरत है।








