उत्तराखंड में मानसून फिर हुआ एक्टिव, 2 सितंबर तक भारी बारिश की चेतावनी; देहरादून समेत 8 जिलों में यलो अलर्ट

देहरादून। Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी है और अगले कुछ दिनों में भी मौसम से राहत मिलने के आसार कम हैं। मौसम विभाग ने 2 सितंबर तक प्रदेश के ज्यादातर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं, सोमवार को देहरादून समेत चार जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
अगस्त के अंतिम दिनों और सितंबर की शुरुआत में नए कम दबाव के क्षेत्र बनने से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में पहाड़ी जिलों के साथ ही मैदानी क्षेत्रों में भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
आज आठ जिलों में यलो अलर्ट
रविवार को मौसम विभाग ने देहरादून, पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है।
वहीं, चंपावत और ऊधम सिंह नगर समेत प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली चमकने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर को लेकर भी चेतावनी जारी की है।
सोमवार को चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट
सोमवार को मौसम और ज्यादा तल्ख रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने देहरादून, बागेश्वर, चमोली और नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में आकाशीय बिजली के साथ बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों को भी सतर्क रहने की जरूरत है। पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के दौरान भूस्खलन, सड़क बंद होने और नदियों-नालों के जलस्तर बढ़ने का खतरा बना रह सकता है।
देहरादून में बारिश ने बिगाड़े हालात, कई इलाकों में जलभराव
देहरादून में शुक्रवार रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद शनिवार शाम एक बार फिर जोरदार बारिश हुई। करीब दो घंटे हुई तेज बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश के कारण कई नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर भी बढ़ गया। दून और आसपास के क्षेत्रों में भीषण जलभराव के चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सितंबर के मध्य से मानसून की विदाई की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, नए मौसमी सिस्टम के प्रभाव से उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। अगस्त के अंत और सितंबर की शुरुआत में बनने वाले कम दबाव के क्षेत्रों का असर प्रदेश के मौसम पर देखने को मिलेगा।
हालांकि, सितंबर के मध्य से उत्तराखंड में मानसून की विदाई की प्रक्रिया धीरे-धीरे शुरू होने की संभावना है। फिलहाल अगले कुछ दिनों तक लोगों को भारी बारिश के दौर को देखते हुए सतर्क रहने की जरूरत है।








