उत्तराखण्डकुमाऊं,

कैंची धाम जाने से पहले जान लें ट्रैफिक प्लान, 28-29 नवंबर को भारी वाहनों पर प्रतिबंध; निजी वाहनों के लिए भी बदले रूट

नैनीताल न्यूज- कैंची धाम में वीकेंड पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने दो दिवसीय यातायात डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था 28 और 29 नवंबर 2026 को लागू रहेगी। इस दौरान कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में यातायात का दबाव कम करने के लिए भारी वाहनों पर प्रतिबंध लगाने के साथ ही बसों और चौपहिया वाहनों के रूट में भी बदलाव किया गया है।

 

 

पुलिस के अनुसार, दोनों दिन सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को जिले की सीमा पर ही रोक दिया जाएगा। वहीं बसों और चौपहिया वाहनों के लिए सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक डायवर्जन लागू रहेगा।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी -(अभी अभी) हल्द्वानी में कर्फ्यू को लेकर आया नया आदेश

 

 

ये रहेगा वाहनों का डायवर्जन रूट

अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन लमगड़ा, धनाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। वहीं हल्द्वानी, काठगोदाम और मैदानी क्षेत्रों से इन पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को खुटानी बैंड, भीमताल, धारी और धनाचूली बैंड के रास्ते भेजा जाएगा।

 

 

काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहनों को खुटानी बैंड से डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन मुक्तेश्वर और रामगढ़ मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

 

 

कैंची धाम आने वालों के लिए पार्किंग की व्यवस्था

कैंची धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के निजी वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। भीमताल की ओर से आने वाले निजी वाहनों को विकास भवन पार्किंग, भीमताल में खड़ा करना होगा। यहां से स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से भवाली और कैंची धाम मंदिर तक पहुंचने की व्यवस्था रहेगी।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की हुई मौत, परिवार में मचा कोहराम

 

 

वहीं ज्योलिकोट, गेठिया और नैनीताल मार्ग से आने वाले निजी वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क करना होगा। यहां से भी कैंची धाम मंदिर तक पहुंचने के लिए शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।

 

 

स्थानीय वाहनों के लिए भी बदला रास्ता

भीमताल, नैनीताल और ज्योलिकोट की ओर से खैरना, गरमपानी और बेतालघाट जाने वाले स्थानीय वाहन दूनीखाल-रातीघाट मोटर मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे।

 

 

इसके अलावा भीमताल से अल्मोड़ा, रानीखेत और कैंची धाम जाने वाले वाहनों को नैनी बैंड प्रथम से सैनेटोरियम बाईपास मोटर मार्ग होते हुए शिप्रा पुल भवाली के रास्ते अपने गंतव्य तक जाना होगा।

यह भी पढ़ें 👉  भीमतालः यहाँ दिल्ली से घूमने आया था परिवार, होटल में हुई पति की मौत।

 

 

टैक्सी और दोपहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित

वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस प्रतिबंध में पीली नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहन भी शामिल हैं।

 

 

नैनीताल पुलिस ने आमजन, श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले निर्धारित रूट डायवर्जन की जानकारी अवश्य लें। साथ ही निर्धारित पार्किंग स्थलों और शटल सेवा का इस्तेमाल करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और लोगों को जाम की परेशानी का सामना न करना पड़े।