देहरादून में कार के अंदर छात्र की पिटाई का वीडियो वायरल, शॉर्ट फॉर्म की फुलफॉर्म न बता पाने पर बरसाए थप्पड़

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक छात्र की कार के अंदर पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक एक छात्र से शॉर्ट फॉर्म की फुलफॉर्म और गणित के सवाल पूछते नजर आ रहे हैं। जवाब नहीं देने पर छात्र को थप्पड़ मारे जाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामले को रैगिंग से भी जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी तक छात्र की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है।
सवाल पूछकर छात्र को पीटा
वायरल वीडियो में कार की पिछली सीट पर तीन छात्र बैठे दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान एक युवक बीच में बैठे छात्र से कुछ शॉर्ट फॉर्म की फुलफॉर्म पूछता है। छात्र जब सवालों का जवाब नहीं दे पाता तो युवक उसे थप्पड़ मारना शुरू कर देता है।
वीडियो में छात्र को कई बार थप्पड़ मारे जाते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि छात्र को करीब सात थप्पड़ मारे गए। हैरानी की बात यह है कि छात्र द्वारा कुछ सवालों के सही जवाब दिए जाने के बावजूद भी उसके साथ मारपीट की गई। युवकों ने छात्र से गणित के सवाल भी पूछे।
एकादशी का व्रत बताया तो सॉस खिलाने की कोशिश
वीडियो के दूसरे हिस्से में एक युवक छात्र को सॉस खाने के लिए देता है। छात्र सॉस खाने से इनकार करते हुए कहता है कि उसका एकादशी का व्रत है।
इसके बाद युवक उससे पूछते हैं कि वह कौन सा व्रत कर रहा है। छात्र के एकादशी का व्रत रखने की बात कहने पर युवक कथित तौर पर गूगल पर इसके बारे में जानकारी खोजते हैं। इसके बाद छात्र के साथ बहस की जाती है और उसे दोबारा थप्पड़ मारे जाते हैं।
रैगिंग से जुड़ा होने की भी आशंका
वीडियो सामने आने के बाद इस घटना को रैगिंग से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि छात्र और वीडियो में नजर आ रहे युवकों के बीच क्या संबंध है और घटना वास्तव में कब की है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की जांच पुलिस कर रही है।
पुलिस जुटा रही मामले की जानकारी
प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर के अनुसार, छात्र की पिटाई के मामले में अभी तक पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है और मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
वीडियो में युवक खुद को गढ़ीकैंट या उसके आसपास का बताते हुए सुनाई दे रहे हैं। वहीं, सामने आए एक अन्य वीडियो में दोनों पक्ष इस घटना को पुराना बताते हुए समझौते की बात करते नजर आ रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना कब की है, इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे और मारपीट की वास्तविक वजह क्या थी।








