लालकुआं को जाम से मिलेगी राहत, 7 किमी बाईपास और फोरलेन सड़क को केंद्र की मंजूरी

लालकुआं न्यूज़- शहर में रोजाना लगने वाले जाम से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने नगला से लालकुआं वन विभाग गोदाम तक करीब सात किलोमीटर लंबे बाईपास के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही वनभूलपुरा स्थित गौला पुल से नारीमन तिराहे तक फोरलेन सड़क निर्माण को भी केंद्र सरकार से स्वीकृति मिल गई है।
गुरुवार को दोनों परियोजनाओं के संबंध में औपचारिक आदेश जारी किए गए। बाईपास बनने से लालकुआं शहर के भीतर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है, जिससे रोजाना लगने वाले जाम से लोगों और यात्रियों को राहत मिलेगी।
लालकुआं क्षेत्र में लंबे समय से यातायात का दबाव बना हुआ है। रोजाना लगने वाले जाम के कारण स्थानीय लोगों के साथ ही हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या के समाधान के लिए करीब दो माह पहले एनएचएआई अधिकारियों ने सात किलोमीटर लंबे बाईपास का प्रस्ताव तैयार कर मंत्रालय को भेजा था।
अब केंद्र से मंजूरी मिलने के बाद परियोजना को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है। वहीं, वनभूलपुरा के गौला पुल से नारीमन तिराहे तक फोरलेन सड़क बनने से भी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। दोनों परियोजनाओं के पूरा होने के बाद लालकुआं और हल्द्वानी क्षेत्र में यातायात सुगम होने के साथ ही जाम की समस्या में बड़ी राहत मिलने की संभावना है।








