उत्तराखण्डकुमाऊं,गढ़वाल,

वन भूमि को राजस्व गांव बनाने पर कानूनी अड़चन! केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट का किया रुख, राज्य सरकार की राह मुश्किल

उत्तराखंड में वन भूमि पर बसे गांवों को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने की कवायद के बीच नया कानूनी पेच सामने आ गया है। देहरादून के बापूग्राम, नैनीताल के बिंदुखत्ता और ऊधमसिंह नगर के बग्गा चौवन को वन भूमि से बाहर करने के राज्य सरकार के प्रस्ताव पर केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का रुख करने की बात कही है। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत को भेजे पत्र में स्पष्ट किया है कि मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है, इसलिए राज्य सरकार को शीर्ष अदालत के समक्ष ही अपना पक्ष रखना होगा।

 

 

दरअसल, 27 नवंबर 2026 को हुई उत्तराखंड कैबिनेट की बैठक में तीनों क्षेत्रों की वन भूमि को राजस्व श्रेणी में लाने के लिए डिनोटिफिकेशन (वन भूमि को अधिसूचना से बाहर करने) की प्रक्रिया शुरू करने को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई थी। इसके लिए वन विभाग को प्रस्तावक विभाग बनाया गया था। लेकिन अब केंद्रीय मंत्री के पत्र के बाद इस प्रक्रिया के आगे बढ़ने को लेकर कानूनी सवाल खड़े हो गए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  कोटद्वार- यहाँ मालन पुल टूटने से नदी में तीन बहे, एक युवक का शव बरामद, दो लोग अभी भी लापता।

 

 

सुप्रीम कोर्ट की अनुमति को बताया जरूरी

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने अपने पत्र में सुप्रीम कोर्ट के 13 नवंबर 2000 के आदेश का हवाला दिया है। इसमें वन भूमि के डी-रेजर्वेशन यानी अनारक्षण के लिए सुप्रीम कोर्ट की पूर्व अनुमति को जरूरी बताया गया है। ऐसे में राज्य सरकार को तीनों क्षेत्रों के संबंध में आगे की कार्रवाई के लिए अदालत के सामने अपना पक्ष रखना होगा।

 

 

पत्र में उत्तराखंड में वन भूमि पर अवैध कब्जों और निर्माण कार्यों पर रोक लगाने से जुड़े सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का भी उल्लेख किया गया है। साथ ही अतिक्रमण की स्थिति का आकलन करने के लिए राज्य के मुख्य सचिव और प्रधान मुख्य वन संरक्षक की समिति गठित करने के निर्देशों का हवाला दिया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून-(बड़ी खबर) उत्तराखंड में घूसखोर अधिकारियों की भी कमी नहीं, अब यहां से रंगे हाथ रिश्वत लेते एक और अधिकारी गिरफ्तार

 

 

बिंदुखत्ता में वन अधिकार कानून के तहत प्रक्रिया पूरी

इस पूरे मामले में नैनीताल जिले के बिंदुखत्ता की स्थिति खास महत्व रखती है। यहां वन अधिकार अधिनियम-2006 के तहत गांव, खंड और जिला स्तर पर वन अधिकार समितियों से जुड़ी प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। इसके बाद अधिसूचना जारी करने के लिए प्रस्ताव भी भेजा गया था, लेकिन करीब दो साल बीतने के बावजूद इस दिशा में आगे कार्रवाई नहीं हो सकी है।

 

 

वन अधिकार अधिनियम-2006 को वन भूमि पर लंबे समय से रह रहे पात्र लोगों को कानूनी अधिकार देने का महत्वपूर्ण माध्यम माना जाता है। इसके तहत पात्र गांवों को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने का भी रास्ता खुलता है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, देशभर में इस कानून के तहत 1700 से अधिक गांवों को राजस्व गांव बनाया जा चुका है और करीब 2 करोड़ 32 लाख एकड़ भूमि पर अधिकार पत्र दिए जा चुके हैं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- प्रदेश के 8 जिलों में आज भारी बारिश का रेड अलर्ट, रहे सावधान।

 

 

अब आगे क्या होगा?

बिंदुखत्ता में वन अधिकार अधिनियम के तहत पूरी हो चुकी प्रक्रिया और राज्य कैबिनेट की ओर से शुरू की गई नई कवायद के बीच अब आगे की कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। एक ओर स्थानीय स्तर पर राजस्व गांव का दर्जा मिलने की उम्मीदें हैं, तो दूसरी ओर केंद्र के पत्र ने इस प्रक्रिया में सुप्रीम कोर्ट की भूमिका को महत्वपूर्ण बना दिया है।

 

 

ऐसे में बिंदुखत्ता, बापूग्राम और बग्गा चौवन के भविष्य को लेकर अब राज्य सरकार के अगले कदम पर नजरें रहेंगी। सबसे बड़ा सवाल यही है कि सुप्रीम कोर्ट की कानूनी प्रक्रिया के बीच इन क्षेत्रों को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने की राह कितनी आसान होगी।