उत्तराखण्डगढ़वाल,

हरिद्वार में मैकडोनाल्ड पर खाद्य विभाग की छापेमारी, बर्गर में मिला बदबूदार प्याज; मीट और आइसक्रीम की बिक्री पर रोक

हरिद्वार न्यूज़- रक्षा बंधन और जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार को हरिद्वार, ज्वालापुर, पिरान कलियर और रुड़की में खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान रेस्टोरेंट, मिठाई की दुकानों और ऑनलाइन खाद्य कारोबारियों के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।

 

 

अभियान के दौरान पेंटागन मॉल स्थित मैकडोनाल्ड रेस्टोरेंट में जांच के दौरान बर्गर और अन्य खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल किए जा रहे कटे प्याज की गुणवत्ता बेहद खराब मिली। प्याज से दुर्गंध आ रही थी और उसे मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर ही मीट प्रोडक्ट तथा आइसक्रीम-डेजर्ट के निर्माण और बिक्री पर रोक लगा दी। साथ ही रेस्टोरेंट के खाद्य लाइसेंस के निलंबन की संस्तुति की गई है।

 

 

खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने मैकडोनाल्ड का निरीक्षण किया। जांच में खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाले टॉर्टिला रैप के लेबल पर निर्माण और एक्सपायरी तिथि मिटाई हुई मिली। इसके अलावा नामिनी बदले जाने के बावजूद खाद्य लाइसेंस में नए नामिनी का इंडोर्समेंट नहीं कराया गया था।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल: निजी काम में सरकारी वाहन इस्तेमाल किया तो होगी कार्यवाही, शनिवार रहेगा ‘नो व्हीकल डे’

 

 

जांच में यह भी सामने आया कि लाइसेंस में मीट एवं मीट प्रोडक्ट तथा आइसक्रीम एवं डेजर्ट की खाद्य श्रेणियां दर्ज नहीं थीं। विभाग ने आइसक्रीम डेजर्ट में इस्तेमाल होने वाले कोटेड क्रिस्पीज और बटर स्कॉच चॉकलेट डिप के दो नमूने भी जांच के लिए लिए।

 

 

 

ऑनलाइन खाद्य प्रतिष्ठान में भी मिलीं अनियमितताएं

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा ने आर्यनगर और ज्वालापुर क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। आर्यनगर स्थित पिलपकार्ट के ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म से जुड़े इंस्टाकार्ट प्रतिष्ठान में निरीक्षण के दौरान कर्मचारी मेडिकल रिकॉर्ड, पानी की जांच रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल और स्टॉक से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। खाद्य सामग्री का रखरखाव और भंडारण भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिला। इस पर प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहां स्कूल की नाबालिग छात्राओं से छेड़छाड़ करने के मामले कलयुगी गुरु जी को पुलिस ने किया गिरफ्तार।

 

 

वहीं पटियाला, पंजाब की एक देशी घी निर्माता कंपनी को भ्रामक दावों के संबंध में नोटिस दिया गया। मौके से देशी घी, भुना चना और दाल के एक-एक नमूने जांच के लिए लिए गए।

 

 

उर्स मेले में भी खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच

उर्स मेले को देखते हुए वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव ने पिरान कलियर क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। टीम ने यहां से इलायची दाना, सोन हलवा, सोया रिफाइंड तेल और हल्दी पाउडर के चार नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए।

यह भी पढ़ें 👉  बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने को वनाधिकार समिति बिंदुखत्ता की बैठक का आयोजन

 

 

रुड़की में मिठाई की दुकानों पर कार्रवाई

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेंद्र पांडेय के नेतृत्व में रुड़की शहर की मिठाई की दुकानों और रेस्टोरेंटों का भी निरीक्षण किया गया। टीम ने बेसन लड्डू, चॉकलेट बर्फी और चॉकलेट टॉफी के नमूने लिए। कार्रवाई के दौरान पुरानी तहसील और मुख्य बाजार क्षेत्र में कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद करते नजर आए।

 

 

12 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच को भेजे

पूरे अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 12 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए, जिन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है। खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा।