बिंदुखत्ता में गढ़कुमू महोत्सव का रंगारंग आगाज, विधायक मोहन बिष्ट ने किया शुभारंभ

बिंदुखत्ता की सांस्कृतिक विरासत को बताया पूरे उत्तराखंड का गुलदस्ता, बोले- लोककला और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी
बिंदुखत्ता (लालकुआं)- बिंदुखत्ता में तीन दिवसीय गढ़कुमू महोत्सव का रंगारंग आगाज हो गया है। महोत्सव का शुभारंभ लालकुआं विधायक डॉ. मोहन बिष्ट ने दीप प्रज्वलित करने के साथ फीता काटकर किया। पहले दिन स्थानीय स्कूली बच्चों और विभिन्न सांस्कृतिक दलों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लोकगीतों और पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों से पूरा आयोजन स्थल लोकसंस्कृति के रंगों में सराबोर नजर आया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. मोहन बिष्ट ने कहा कि बिंदुखत्ता पूरे उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत का एक खूबसूरत गुलदस्ता है। यहां प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों की लोककला, लोकसंस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिलती है। उन्होंने झांझर कला समिति की ओर से आयोजित महोत्सव की सराहना करते हुए आयोजकों को बधाई दी।
विधायक ने कहा कि लोकसंस्कृति, लोककला और पारंपरिक वाद्य यंत्र हमारी पहचान और सांस्कृतिक धरोहर हैं। इन्हें संरक्षित करना और आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और लोक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलता है। इसलिए इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लगातार आयोजन होना चाहिए।
महोत्सव के पहले दिन स्थानीय विद्यालयों के बच्चों और विभिन्न सांस्कृतिक दलों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक लोकगीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। तीन दिवसीय महोत्सव में क्षेत्र की लोकसंस्कृति, कला और पारंपरिक विरासत के विभिन्न रंग देखने को मिलेंगे।
इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक जीवन पांडे, संचालक बसंत पांडे, हरीश आर्य, किशन जोशी, कमल पपोला, मोहन शर्मा, दीपा पांडे, अंजली आर्य सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।









