उत्तराखंड- यहाँ भागीरथी में बहा 18 वर्षीय युवक, SDRF-NDRF का सर्च ऑपरेशन जारी

उत्तरकाशी के चुंगी बड़ेथी पुल के नीचे मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। भागीरथी नदी के तेज बहाव में 18 वर्षीय युवक अनमोल जोशी बह गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और एसडीआरएफ व एनडीआरएफ की संयुक्त टीमें तत्काल मौके पर पहुंचकर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान में जुट गईं।
जानकारी के अनुसार, अनमोल जोशी किसी कारणवश बड़ेथी पुल के नीचे भागीरथी नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते नदी में बह गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दी।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की संयुक्त टीमों ने बड़ेथी गाड से लेकर मनेरा बाईपास पुल के नीचे तक भागीरथी नदी के सभी संभावित क्षेत्रों में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। टीमों ने नदी के तटीय इलाकों, तेज बहाव वाले हिस्सों और अन्य संभावित स्थानों पर गहन सर्च अभियान चलाया।
हालांकि देर शाम तक चले अभियान के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया। फिलहाल एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई हैं। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से भी नदी किनारे सतर्क रहने और किसी भी तरह की सूचना मिलने पर तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करने की अपील की है।
प्रशासन का कहना है कि युवक की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और हर संभावित स्थान पर खोजबीन की जा रही है।








