नैनीताल में 24 व्यावसायिक गैस सिलिंडर जब्त,कालाबाजारी का शक, चालक पर एफआईआर दर्ज

नैनीताल न्यूज़– जिले के मंगोली क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार देर शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए व्यावसायिक गैस सिलिंडरों से भरी एक पिकअप को पकड़ लिया। जांच के दौरान वाहन से 24 गैस सिलिंडर बरामद हुए, लेकिन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। मामले में पुलिस ने चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है, जबकि खाद्य पूर्ति विभाग ने सभी सिलिंडर जब्त कर लिए हैं।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब आठ बजे मंगोली चौकी पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक पिकअप वाहन को रोका। तलाशी लेने पर वाहन में 24 व्यावसायिक गैस सिलिंडर पाए गए, जिन्हें काशीपुर से नैनीताल लाया जा रहा था। पूछताछ के दौरान चालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई की बात कही। इस दौरान चालक और पुलिस के बीच काफी देर तक बहस भी हुई। जैसे ही पुलिस ने सख्ती दिखाई, चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर मंगलवार को कोतवाली पुलिस और खाद्य पूर्ति विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पिकअप वाहन को सीज कर दिया और सभी 24 सिलिंडर विभाग को सौंप दिए।
परिजनों का आरोप: स्कूलों व होटलों के लिए जा रही थी सप्लाई
मामले में नया मोड़ तब आया जब चालक के परिजन चौकी पहुंचे और पुलिस पर उत्पीड़न व अवैध वसूली के आरोप लगाए। परिजनों का कहना है कि सिलिंडर काशीपुर से वैध गेट पास के साथ नैनीताल के स्कूलों और होटलों में आपूर्ति के लिए भेजे गए थे। उन्होंने कुछ दस्तावेज भी दिखाए, लेकिन पुलिस द्वारा स्कूलों की लिखित डिमांड या संबंधित प्रबंधन से पुष्टि कराने को कहा गया, जिसके बाद परिजन वहां से चले गए।
बताया जा रहा है कि जिला प्रशासन द्वारा गैस आपूर्ति को लेकर एसओपी रात आठ बजे के बाद जारी की गई थी, जबकि संबंधित वाहन उससे पहले ही रवाना हो चुका था। ऐसे में कार्रवाई और नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पहले भी सामने आ चुका है मामला
पकड़ी गई पिकअप ‘नेहा इंडेन गैस एजेंसी’ की बताई जा रही है, जो पहले भी इसी तरह के मामले में संलिप्त पाई जा चुकी है। जब्त सिलिंडरों को गोदाम में सुरक्षित रखवा दिया गया है।
क्षेत्रीय खाद्य पूर्ति अधिकारी सुरेंद्र बिष्ट के अनुसार, आवश्यक वस्तु अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मल्लीताल निवासी चालक हितेश चंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।








