Uncategorizedअंतरराष्ट्रीयदेश

गैस कनेक्शन पर रोक के बीच 50 हजार उपभोक्ताओं की बुकिंग बंद, ई-केवाईसी कराने के बाद ही मिलेगा सिलेंडर

अमेरिका-ईरान युद्ध के बाद गैस आपूर्ति और कनेक्शन को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। जिले में नए घरेलू गैस कनेक्शन पर रोक के बीच ई-केवाईसी नहीं कराने वाले करीब 50 हजार उपभोक्ताओं के कनेक्शन सस्पेंड कर दिए गए हैं। अब इन उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की बुकिंग कराने के लिए पहले ई-केवाईसी करानी होगी। ई-केवाईसी पूरी होने के बाद ही उनके कनेक्शन से बुकिंग पर लगी रोक हटाई जाएगी।

 

 

सुलतानपुर जिले में घरेलू ईंधन की सुविधा के लिए विभिन्न कंपनियों की करीब 48 गैस एजेंसियां संचालित हैं। इन एजेंसियों के माध्यम से आईओसीएल, एचपीसीएल और बीपीसीएल के करीब 5 लाख 59 हजार 521 उपभोक्ताओं को गैस कनेक्शन दिए गए हैं। गैस कंपनियों ने ई-केवाईसी को अनिवार्य करते हुए बुकिंग के समय ओटीपी की व्यवस्था भी लागू की है।

 

 

सितंबर तक दी गई थी ई-केवाईसी की समय सीमा

गैस कंपनियों की ओर से उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी कराने के लिए सितंबर महीने तक का समय दिया गया था। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद 2 अक्टूबर से ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन सस्पेंड कर दिए गए। इसके चलते ऐसे उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग पर भी रोक लगा दी गई है।

यह भी पढ़ें 👉  गजब के चोर: यहां चोरों ने किसान के खेतों से उड़ाए लाखों रुपये के टमाटर, किसान ने पुलिस को दिया शिकायत पत्र।

 

 

अब संबंधित उपभोक्ता ई-केवाईसी कराने के बाद ही दोबारा गैस सिलेंडर की बुकिंग करा सकेंगे। गैस एजेंसियों पर ई-केवाईसी कराने के लिए उपभोक्ताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है।

 

 

सोमवार सुबह सुलतानपुर गैस एजेंसी पर भी कई उपभोक्ता ई-केवाईसी कराने पहुंचे। एजेंसी संचालक जियाउल हसनैन ने बताया कि ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं की बुकिंग रोक दी गई है। रोजाना करीब चार से पांच उपभोक्ता ई-केवाईसी कराने पहुंच रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे लोगों की है, जो विदेश या दूसरे शहरों में रह रहे हैं।

 

 

वहीं, जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि गैस कंपनियों की ओर से ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं का स्पष्ट आंकड़ा अभी उपलब्ध नहीं कराया गया है।

 

 

25 दिन के अंतराल पर हो रही गैस की बुकिंग

खाड़ी क्षेत्र में युद्ध के बाद गैस बुकिंग के अंतराल में भी बदलाव किया गया है। फिलहाल शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग 25 दिन के अंतराल पर हो रही है। बुकिंग के बाद शहरी क्षेत्र में करीब तीसरे दिन, जबकि ग्रामीण क्षेत्र में चौथे या पांचवें दिन सिलेंडर की डिलीवरी की जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  शादियों का सीजन शुरू, सब्जियों ने बढ़ाई रसोई की गर्मी — दो दिन में टमाटर 20 और आलू 5 रुपये किलो महंगे

 

 

पहले से ही लंबे अंतराल पर बुकिंग और आपूर्ति के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब ई-केवाईसी नहीं कराने वाले हजारों उपभोक्ताओं की बुकिंग बंद होने से उनकी मुश्किल और बढ़ गई है।

 

 

नए घरेलू कनेक्शन पर भी रोक

जिले में नए घरेलू गैस कनेक्शन जारी करने पर भी रोक लगी हुई है। बताया जा रहा है कि 40 हजार से अधिक परिवार अभी घरेलू गैस कनेक्शन से वंचित हैं। ऐसे परिवारों के सामने भी गैस की व्यवस्था को लेकर संकट बना हुआ है।

 

यह भी पढ़ें 👉  गूगल पे ने ग्राहकों को दिया तगड़ा झटका! फ्री में पेमेंट की सुविधा होगी बंद, ऐसे ट्रांजेक्शन्स पर देना होगा अब चार्ज

 

वहीं, ई-केवाईसी नहीं करा पाने वाले करीब 50 हजार उपभोक्ताओं के लिए भी घरेलू सिलेंडर की बुकिंग बंद हो गई है। ऐसे में कई उपभोक्ता वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए महंगे दाम पर सिलेंडर लेने को मजबूर हैं। स्थानीय स्तर पर जुगाड़ के जरिए घरेलू सिलेंडर करीब 1800 रुपये तक में मिलने की बात सामने आ रही है।

 

 

त्योहारों में बढ़ सकती है गैस की मांग

दुर्गापूजा और दशहरा जैसे त्योहारों के दौरान घरेलू गैस सिलेंडर की खपत बढ़ने की संभावना है। ऐसे में पहले से मौजूद बैकलॉग और 25 दिन के बुकिंग अंतराल के कारण गैस एजेंसियों पर एक बार फिर भीड़ बढ़ सकती है। ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं की बुकिंग बंद होने से उनकी परेशानी भी बढ़ने की आशंका है।

 

 

गैस कंपनियों की ओर से उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी जल्द कराने की सलाह दी जा रही है, ताकि कनेक्शन पर लगी रोक हटने के बाद वे दोबारा गैस सिलेंडर की बुकिंग करा सकें।