लोकथात महोत्सव में उमड़ा लोक संस्कृति का सैलाब, कोश्यारी बोले- राजस्व गांव के लिए करेंगे निर्णायक पहल

लालकुआँ न्यूज– बिंदुखत्ता के संजय नगर में दिवंगत लोकगायक प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृति में आयोजित लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव में लोक संस्कृति के विविध रंग देखने को मिले। कुमाऊंनी लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सुबह से देर शाम तक चले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग उमड़े।
मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि लोक संस्कृति हमारी पहचान है और इसे अगली पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने दिवंगत लोकगायक प्रहलाद सिंह मेहरा के योगदान को याद किया।
इस दौरान बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने की मांग पर कोश्यारी ने कहा कि वह इस मामले में विशेष प्रयास कर रहे हैं। जल्द ही केंद्रीय गृहमंत्री को पूरे प्रकरण से अवगत कराकर क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी कराने के लिए प्रभावी पहल करेंगे। उनके इस बयान से ग्रामीणों में उम्मीद जगी।
महोत्सव के आयोजक सुप्रसिद्ध लोक गायक व स्व प्रहलाद मेहरा के सुपुत्र कमल मेहरा और नीरज मेहरा ने अतिथियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार जताते हुए कहा कि आयोजन का उद्देश्य दिवंगत लोकगायक प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृतियों को जीवंत रखने के साथ उत्तराखंड की लोक संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है
। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने कुमाऊंनी लोकगीतों और पारंपरिक प्रस्तुतियों से समां बांधा।










