काशीपुर में तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूल जा रहे तीन छात्रों को रौंदा, एक की मौत, दो की हालत गंभीर

उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जनपद के काशीपुर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूल जा रहे तीन छात्रों को तेज रफ्तार टैंकर ने टक्कर मार दी। हादसे में 10वीं कक्षा के छात्र शिवम कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक टैंकर छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे से गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
स्कूल जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार दाभोरा टांडा निवासी मनोज सिंह का 15 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बरखेड़ी में कक्षा 10 का छात्र था। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे वह अपने रिश्ते में चचेरे-तहेरे भाइयों वासु और अक्षय के साथ पैदल स्कूल जा रहा था। इसी दौरान बरखेड़ी मार्ग पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने तीनों छात्रों को जोरदार टक्कर मार दी।
मौके पर हुई शिवम की मौत
हादसा इतना भीषण था कि शिवम कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद सड़क पर दुर्घटना के निशान दूर तक दिखाई दिए। हादसे के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल, चालक फरार
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल वासु व अक्षय को तत्काल काशीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों छात्रों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उधर, लोगों को अपनी ओर आता देख टैंकर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
आक्रोशित लोगों ने लगाया जाम
दुर्घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने स्कूल समय में भारी वाहनों के संचालन पर रोक लगाने और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की। सूचना पर आईटीआई कोतवाली पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने मृतक छात्र के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फरार चालक की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक शिवम कुमार अपने पांच भाई-बहनों में चौथे नंबर पर था। उसके पिता मनोज सिंह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर है।







