उत्तराखण्डकुमाऊं,

2027 चुनाव से पहले भाजपा में टिकट की हलचल तेज, कालाढूंगी में 14 तो लालकुआं में 8 दावेदारों ने पेश की दावेदारी

हल्द्वानी न्यूज़- उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव में अभी समय है, लेकिन कुमाऊं की विधानसभा सीटों पर टिकट को लेकर पार्टी के भीतर सियासी हलचल शुरू हो गई है। हल्द्वानी स्थित भाजपा के कुमाऊं संभाग कार्यालय में संभावित प्रत्याशियों को लेकर की गई रायशुमारी में कालाढूंगी और लालकुआं विधानसभा सीटों से बड़ी संख्या में नेताओं ने अपनी दावेदारी पेश की है। कालाढूंगी सीट पर 14 नेताओं के नाम सामने आए हैं, जबकि लालकुआं विधानसभा से आठ नेताओं ने टिकट की दावेदारी जताई है।

 

 

मंगलवार को भाजपा प्रदेश कोर कमेटी के सदस्य एवं नैनीताल जिले के प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने हल्द्वानी स्थित कुमाऊं संभाग कार्यालय में हल्द्वानी, कालाढूंगी, लालकुआं, भीमताल और नैनीताल विधानसभा क्षेत्रों को लेकर रायशुमारी की। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों और चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं से अलग-अलग फीडबैक लिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में मौसम का अलर्ट: 5 जिलों में ऑरेंज, 7 में यलो अलर्ट; बारिश-बर्फबारी के आसार

 

 

कालाढूंगी में टिकट के लिए 14 दावेदार

कालाढूंगी विधानसभा सीट पर भाजपा के भीतर टिकट को लेकर सबसे ज्यादा हलचल देखने को मिली। यहां वर्तमान विधायक बंशीधर भगत के अलावा 13 अन्य नेताओं ने भी अपनी दावेदारी पेश की है। सामने आए नामों में हल्द्वानी के मेयर गजराज बिष्ट, पूर्व ब्लॉक प्रमुख कमलेश कैड़ा, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, प्रदेश प्रवक्ता विकास भगत, कार्यसमिति सदस्य महेश शर्मा, दर्जाधारी सुरेश भट्ट, प्रदेश प्रवक्ता सुरेश तिवारी, भाजयुमो के पूर्व अध्यक्ष शशांक रावत, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया, आनंद दरमवाल, मनोज पाठक, गुंजन तिवारी और कार्यसमिति सदस्य तारा चंद्र पांडे शामिल हैं।

 

 

 

इस सीट पर वर्तमान विधायक के साथ संगठन और विभिन्न राजनीतिक पदों पर जिम्मेदारी निभा चुके नेताओं की दावेदारी सामने आने से टिकट का मुकाबला दिलचस्प हो गया है।

 

 

लालकुआं में भी टिकट को लेकर बढ़ी सरगर्मी

लालकुआं विधानसभा सीट पर भी भाजपा के भीतर टिकट की दौड़ तेज हो गई है। यहां वर्तमान विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक नवीन चंद्र दुम्का, कमलेश चंदोला, युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपचंद्र कोश्यारी, उमेश शर्मा, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री देवेंद्र सिंह बिष्ट (देवू), किसान मोर्चा से जुड़े कमल मुनि और पूर्व मंडल अध्यक्ष मुकेश बेलवाल के नाम संभावित दावेदारों में सामने आए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ डॉक्टरों ने थेरेपी के लिए आई बीटेक की छात्रा को दवा पिलाकर किया बेहोश, फिर करी बेशर्मी की हदें की पार

 

 

लालकुआं में वर्तमान विधायक और पूर्व विधायक के अलावा संगठन से जुड़े कई नेताओं की दावेदारी ने पार्टी के भीतर राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज कर दी हैं। वहीं, नए चेहरों की सक्रियता से भी टिकट का मुकाबला दिलचस्प होता नजर आ रहा है।

 

 

संगठन की राय और जीत की संभावनाओं पर फोकस

भाजपा की ओर से प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर संभावित प्रत्याशियों और संगठन की स्थिति का फीडबैक जुटाया जा रहा है। रायशुमारी के दौरान नेताओं की क्षेत्र में सक्रियता, कार्यकर्ताओं के बीच स्वीकार्यता, संगठन के प्रति योगदान और चुनाव जीतने की संभावनाओं को लेकर जानकारी ली जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  पीएम मोदी की अपील पर बोले सीएम धामी, कहा- ऊर्जा बचत और स्वदेशी अपनाना राष्ट्रहित में जरूरी

 

 

मंत्री मदन कौशिक ने बताया कि पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर विधानसभा क्षेत्रों में रायशुमारी की जा रही है। इसका उद्देश्य जनता और कार्यकर्ताओं की राय जानने के साथ संबंधित सीटों पर पार्टी की स्थिति और जीत की संभावनाओं का आकलन करना है।

 

 

पांच नवंबर को कोर ग्रुप की बैठक में होगी चर्चा

रायशुमारी के दौरान सामने आए नामों के साथ संगठनात्मक फीडबैक और सर्वे रिपोर्ट पर पांच नवंबर को देहरादून में प्रस्तावित भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में चर्चा होनी है। इसके बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी।

 

 

फिलहाल कालाढूंगी और लालकुआं दोनों सीटों पर सामने आए नाम संभावित दावेदारों की सूची का हिस्सा हैं। पार्टी ने अभी किसी भी सीट पर प्रत्याशी की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के भीतर टिकट को लेकर सियासी मुकाबला और तेज होने के आसार हैं।