उत्तराखण्डकुमाऊं,

लालकुआं में भाजपा टिकट को लेकर सियासी हलचल तेज, आठ दावेदारों के नाम चर्चा में; छह ने जताई चुनाव लड़ने की इच्छा

मौजूदा विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट रायशुमारी में नहीं पहुंचे, दीपेंद्र कोश्यारी और मुकेश बेलवाल की सक्रियता ने बढ़ाई सियासी सरगर्मी

 

 

लालकुआं न्यूज़- उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की रणभेरी भले ही अभी नहीं बजी है, लेकिन लालकुआं विधानसभा सीट पर भाजपा के भीतर टिकट को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। चुनाव में अभी समय है, मगर पार्टी के संभावित दावेदारों ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। लालकुआं सीट पर आठ नेताओं के नाम चर्चा में हैं, जिनमें से छह ने भाजपा की रायशुमारी में पहुंचकर चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की। वहीं, मौजूदा विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट की बैठक से गैरमौजूदगी ने राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया है।

 

 

मंगलवार को हल्द्वानी स्थित भाजपा के कुमाऊं संभाग कार्यालय में प्रदेश कोर कमेटी के सदस्य एवं कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के संभावित दावेदारों से रायशुमारी की। इसके लिए वर्तमान विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक नवीन दुम्का, उमेश शर्मा, कमलेश चंदोला, दीपेंद्र कोश्यारी, देवेंद्र सिंह बिष्ट, मुकेश बेलवाल और कमल मुनि को आमंत्रित किया गया था। इनमें छह नेता बैठक में पहुंचे और उन्होंने चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हुए अपनी दावेदारी पेश की। मौजूदा विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट और कमलेश चंदोला निजी कारणों से रायशुमारी में शामिल नहीं हुए।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड-(दुःखद) यहां हुआ दर्दनाक हादसा, चार की मौत, छह गंभीर।

 

 

दीपेंद्र कोश्यारी और मुकेश बेलवाल पर रहीं निगाहें

रायशुमारी के दौरान सबसे अधिक चर्चा युवा भाजपा नेता दीपेंद्र कोश्यारी और गौलापार क्षेत्र के सक्रिय नेता मुकेश बेलवाल की रही। दोनों नेताओं की सक्रियता को लालकुआं सीट पर नए चेहरों की दावेदारी के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, पूर्व विधायक नवीन दुम्का की मौजूदगी ने भी मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। इसके अलावा उमेश शर्मा, देवेंद्र सिंह बिष्ट और कमल मुनि ने भी चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर कर अपनी दावेदारी सामने रखी।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ सवारियों को लेकर जा रही मैक्स वाहन के ऊपर अचानक पहाड़ी से गिरा मालबा, दफन हो गई गाड़ी

 

 

 

विधायक की गैरमौजूदगी ने बढ़ाए सवाल

इस पूरी कवायद में सबसे ज्यादा चर्चा मौजूदा विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट के रायशुमारी में शामिल नहीं होने को लेकर रही। हालांकि उनकी अनुपस्थिति का कारण निजी बताया गया है, लेकिन चुनाव से पहले संभावित दावेदारों की रायशुमारी में मौजूदा विधायक का शामिल नहीं होना कई तरह की राजनीतिक अटकलों को जन्म दे रहा है। दूसरी ओर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी और हिंदूवादी नेता कमल मुनि की सक्रियता ने भी टिकट के समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज कर दी हैं।

 

 

टिकट वितरण नहीं, संगठन जुटा रहा फीडबैक

हालांकि भाजपा की ओर से इस प्रक्रिया को टिकट वितरण की कवायद मानने से इनकार किया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक के अनुसार संगठन जनता की राय, विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की स्थिति और आगामी चुनाव की रणनीति को लेकर फीडबैक जुटा रहा है। इसके बावजूद संभावित दावेदारों को बुलाकर उनकी चुनावी मंशा जानने की प्रक्रिया ने लालकुआं की सियासत को गरमा दिया है।

यह भी पढ़ें 👉  यहाँ छोटे भाई ने की आत्महत्या तो बड़े भाई की सदमे से हुई मौत, परिवार में मचा कोहराम...

 

 

 

फिलहाल लालकुआं विधानसभा सीट पर भाजपा के भीतर आठ नामों की चर्चा और छह नेताओं की सक्रिय दावेदारी ने चुनाव से पहले ही राजनीतिक माहौल गर्म कर दिया है। अब सबकी निगाहें प्रदेश नेतृत्व के अगले कदम पर टिकी हैं। मौजूदा विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट की दावेदारी के साथ दीपेंद्र कोश्यारी और मुकेश बेलवाल जैसे नए चेहरों की सक्रियता के बीच पार्टी किसे आगे बढ़ाती है, यह आने वाला समय बताएगा।