अल्मोड़ा में अग्निवीर भर्ती का बिगुल, 1 अप्रैल तक करें ऑनलाइन आवेदन

अल्मोड़ा न्यूज़– भारतीय सेना ने अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत कर दी है। विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो गया है, जो 1 अप्रैल तक चलेगा। इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इस बार कंप्यूटर आधारित प्रवेश परीक्षा देशभर के 176 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
इस वर्ष भर्ती प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु सीमा 21 वर्ष से बढ़ाकर 22 वर्ष कर दी गई है। अब 17½ से 22 वर्ष तक के युवा आवेदन कर सकेंगे। साथ ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र के लिए पांच विकल्प देने होंगे, जिनमें से एक केंद्र आवंटित किया जाएगा। आवेदन शुल्क 250 रुपये निर्धारित किया गया है, जिसका ऑनलाइन भुगतान अनिवार्य होगा।
सेना भर्ती कार्यालय अल्मोड़ा के अंतर्गत अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिलों के युवा इस भर्ती में भाग ले सकेंगे। इस बार उम्मीदवारों को एक साथ दो पदों के लिए आवेदन करने की सुविधा भी दी गई है, जिससे युवाओं को अधिक अवसर मिलेंगे।
योग्यता के अनुसार अग्निवीर जनरल ड्यूटी के लिए 10वीं पास होना आवश्यक है। टेक्निकल और क्लर्क/स्टोर कीपर पदों के लिए 12वीं (विज्ञान वर्ग) अनिवार्य है। ट्रेड्समैन पदों के लिए 8वीं और 10वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। महिला सैन्य पुलिस और नर्सिंग सहायक के लिए भी 10वीं उत्तीर्ण योग्यता तय की गई है।
खेल, एनसीसी और आईटीआई प्रमाणपत्र धारकों को बोनस अंक का लाभ दिया जाएगा। एनसीसी ‘सी’ प्रमाणपत्र धारकों को अधिकतम 20 अंक तक की छूट मिलेगी। भर्ती निदेशक कर्नल मेहश कुमार ने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बताते हुए युवाओं से किसी भी प्रकार के दलाल या बिचौलियों से सावधान रहने की अपील की है।








