राष्ट्रीय पैरा लॉन बॉल्स में भुवन गुणवंत व संतोष अधिकारी ने जीता रजत

लालकुआं न्यूज़– नैनीताल जनपद के हल्दूचौड़ निवासी भुवन चंद्र गुणवंत और बिंदुखत्ता के संतोष अधिकारी ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र व प्रदेश का नाम रोशन किया है। दोनों खिलाड़ियों ने अपने जज्बे और मेहनत से यह साबित किया कि दृढ़ संकल्प के साथ हर चुनौती को पार किया जा सकता है।
असम के गुवाहाटी में 26 से 28 मार्च तक आयोजित द्वितीय पैरा लॉन बॉल्स राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भुवन गुणवंत ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ट्रिपल स्पर्धा में रजत पदक और डबल्स स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। यह प्रतियोगिता पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित की गई।
वहीं, बिंदुखत्ता निवासी संतोष अधिकारी ने भी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। वर्ष 2008 में एक दुर्घटना में दाहिना हाथ गंवाने के बावजूद उन्होंने अपने हौसले से राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर उनके परिजनों, क्षेत्रवासियों, खेल प्रेमियों व जनप्रतिनिधियों में खुशी का माहौल है।








