उत्तराखण्डकुमाऊं,

नैनीताल में युवक की आत्महत्या मामले में SSP का बड़ा एक्शन, चौकी प्रभारी समेत 5 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

नैनीताल जिले में युवक की आत्महत्या के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने खैरना चौकी प्रभारी सहित पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। यह कार्रवाई मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए की गई है।

 

मामला 28 अप्रैल का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार बालम सिंह बिष्ट खैरना क्षेत्र में नदी और पहाड़ियों का वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान वहां तैनात पुलिसकर्मियों के साथ उनकी किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई। पुलिस का दावा है कि बालम नशे की हालत में थे, जिसके बाद उनका मेडिकल कराया गया और पुलिस एक्ट में चालान कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ भाजपा युवा मोर्चा नेता ने अपने पिता की चाकू गोदकर बेरहमी से की हत्या, आरोपी परिवार के साथ हुआ फरार

 

आरोप है कि इस घटना से बालम सिंह बिष्ट मानसिक रूप से काफी आहत हो गए थे। घर लौटने के बाद उन्होंने अपनी बहन मुन्नी जलाल और जीजा को फोन कर पुलिसकर्मियों पर गाली-गलौज और दुर्व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगाए। बालम ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उनसे पांच हजार रुपये छीन लिए।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर: ऑरेंज अलर्ट जारी, 67 सड़कें बंद, प्रशासन अलर्ट मोड पर

 

बताया जा रहा है कि मानसिक तनाव में आकर बालम सिंह बिष्ट ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उन्होंने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा, जिसमें अपनी मौत के लिए पुलिसकर्मियों के व्यवहार को जिम्मेदार ठहराया गया है।

 

मृतक की बहन मुन्नी जलाल ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नैनीताल ने खैरना चौकी प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- कुमाऊं के इस विधायक को तीन करोड़ में मंत्री बनाने का ऑफर, गृहमंत्री के बेटे के नाम से आई कॉल

 

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि मामले की जांच हर पहलू से गहनता के साथ की जा रही है और निष्पक्ष जांच प्रभावित न हो, इसलिए संबंधित पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है।