उत्तराखंड के वृद्धावस्था पेंशन लाभार्थियों के लिए बड़ा अलर्ट, तुरंत कराएं ये काम, नही तो बंद हो जाएगी पेंशन

उत्तराखंड में वृद्धावस्था पेंशन प्राप्त कर रहे हजारों बुजुर्गों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। समाज कल्याण विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन लाभार्थियों ने अपने पेंशन खाते की ऑनलाइन आधार सीडिंग अब तक नहीं कराई है, उनकी पेंशन रोक दी जाएगी। विभाग के अनुसार राज्य में करीब 7 हजार लाभार्थियों के खाते अभी भी आधार से लिंक नहीं हुए हैं।
प्रदेश के सभी 13 जिलों में हर महीने लगभग 6 लाख बुजुर्गों को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ मिलता है। इनमें अधिकांश लाभार्थियों की आधार सीडिंग पूरी हो चुकी है, लेकिन हजारों खाते अब भी अपडेट नहीं हुए हैं। विभाग कई बार सूचना और अपील जारी कर चुका है, इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग यह प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए हैं।
आधार सीडिंग क्यों है जरूरी?
समाज कल्याण विभाग के मुताबिक आधार सीडिंग का उद्देश्य पेंशन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाना है। इससे वास्तविक लाभार्थी की पहचान सुनिश्चित होगी, फर्जी और डुप्लीकेट पेंशन खातों पर रोक लगेगी तथा पेंशन की राशि सीधे सही व्यक्ति के बैंक खाते में पहुंचेगी। साथ ही भविष्य में भुगतान संबंधी तकनीकी समस्याओं से भी बचा जा सकेगा।
समय पर प्रक्रिया पूरी नहीं की तो रुक जाएगी पेंशन
विभाग ने साफ कर दिया है कि आधार सीडिंग अब केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि पेंशन जारी रहने की अनिवार्य शर्त है। जिन लाभार्थियों के बैंक खाते आधार से लिंक नहीं होंगे, उनकी पेंशन स्वतः रोक दी जाएगी और इसके लिए किसी प्रकार की विशेष छूट नहीं दी जाएगी।
तकनीकी जानकारी के अभाव में बढ़ी चिंता
राज्य के हजारों बुजुर्ग ऐसे हैं जो तकनीकी जानकारी या सुविधा के अभाव में अभी तक आधार सीडिंग नहीं करा पाए हैं। ऐसे लाभार्थियों के सामने अगले भुगतान चक्र में पेंशन रुकने का खतरा मंडरा रहा है।
विभाग की अपील
समाज कल्याण निदेशक संजय कुमार ने सभी लाभार्थियों से जल्द से जल्द अपने पेंशन खाते की ऑनलाइन आधार सीडिंग कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि समय रहते यह प्रक्रिया पूरी करने पर ही बिना किसी बाधा के नियमित पेंशन का भुगतान जारी रहेगा।








