उत्तराखण्डकुमाऊं,

नैनीताल में करोड़ों की निवेश ठगी का बड़ा खुलासा: SSP मंजुनाथ टीसी की कार्रवाई में दो मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार

हल्द्वानी न्यूज़– जनता को अधिक ब्याज और गारंटी का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का नैनीताल पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में की गई प्रभावी कार्रवाई में इस बहुचर्चित वित्तीय घोटाले के दो मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।

 

एसएसपी नैनीताल द्वारा लंबे समय से लंबित गंभीर आपराधिक मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी एवं क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

 

पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्तों ने वर्ष 2017 में “देवभूमि बहुदेशीय स्वायत्त सहकारिता” नाम से हल्द्वानी (कपिल कॉम्प्लेक्स, मुखानी) और रामनगर में कार्यालय खोलकर उत्तराखंड सरकार से पंजीकरण का हवाला दिया। इसके बाद अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और नैनीताल सहित कई जनपदों के भोले-भाले नागरिकों से अधिक ब्याज और सुरक्षित निवेश का झांसा देकर भारी धनराशि जमा कराई गई।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- दुःखद हादसा: यहाँ दो बाइकों की जबरदस्त भिड़ंत — दो युवकों की मौके पर मौत, 12 वर्षीय किशोर गंभीर

 

जांच में यह भी सामने आया कि हजारों निवेशकों से लगभग 6 करोड़ 80 लाख रुपये एकत्र किए गए, जिसे संस्था के अध्यक्ष हेमचंद पंत और सचिव विकास दुर्गापाल ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर गबन कर लिया और फरार हो गए। जांच के दौरान दोनों शाखाएं बंद पाई गईं और अभियुक्तों के बैंक खातों में करोड़ों रुपये के लेन-देन का खुलासा हुआ।

 

न्यायालय से वारंट एवं कुर्की आदेश प्राप्त कर पुलिस टीम ने दिल्ली, हरियाणा और लखनऊ सहित कई स्थानों पर लगातार दबिश दी। अंततः दिनांक 04 फरवरी 2026 को दोनों मुख्य अभियुक्तों को लालकुआं क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल पुलिस एसओजी ने लग्जरी कार से शराब की तस्करी करने वाले एक युवक को 7 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ किया गिरफ्तार

 

पुलिस के अनुसार, अभियुक्तों के विरुद्ध अन्य थानों में भी धोखाधड़ी और ठगी के मुकदमे दर्ज हैं। साथ ही इस गिरोह में अन्य लोगों की संलिप्तता की संभावना है, जिनकी तलाश जारी है और शीघ्र ही और गिरफ्तारियां की जाएंगी।

 

आपराधिक इतिहास
कोतवाली रामनगर: एफआईआर संख्या 246/23, धारा 409 IPC
थाना मुखानी:
मु.अ.सं. 181/25 धारा 420 IPC, 3/21 BUDS एक्ट, 3 UPID एक्ट
मु.अ.सं. 50/23 धारा 420 IPC

 

गिरफ्तार अभियुक्त
हेमचंद पंत पुत्र गोविंद बल्लभ पंत, निवासी हरिपुर नायक, कुसुमखेड़ा, थाना मुखानी, नैनीताल (उम्र 45 वर्ष)
विकास दुर्गापाल पुत्र खिमानंद दुर्गापाल, निवासी एसकेएम स्कूल के पास, देहरिया, कोतवाली हल्द्वानी, नैनीताल (उम्र 41 वर्ष)

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी -(बड़ी खबर) यहाँ रविवार को दिनभर प्रशासन ने मेडिकल स्टोर, पेट्रोल पंप, डेयरी और पालीथीन पर मारे छापे, झोलाछाप डॉक्टरो को भी दी चेतावनी

अभियुक्तों के खातों में क्रमशः ₹2 करोड़ 26 लाख एवं ₹4 करोड़ 58 लाख की धनराशि का लेन-देन पाया गया है।

 

गिरफ्तारी टीम
उपनिरीक्षक दीपक सिंह बिष्ट, लालकुआं
कांस्टेबल आनंदपुरी
कांस्टेबल जितेंद्र बिष्ट

सफल अनावरण पर SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी द्वारा पुलिस टीम को ₹2500 नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

 

SSP नैनीताल की आमजन से अपील
एसएसपी नैनीताल ने आमजन से अपील की है कि अधिक लाभ के लालच में न आएं। किसी भी संस्था या निवेश योजना में धन लगाने से पूर्व उसके पंजीकरण, वैधानिक स्थिति और प्रामाणिकता की स्वयं जांच करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या ठगी की सूचना तुरंत पुलिस को दें। नैनीताल पुलिस नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

— मीडिया सेल, नैनीताल पुलिस