रामनगर में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का भंडाफोड़, दो सगे भाई गिरफ्तार; 34 सिलेंडर व रिफिलिंग उपकरण बरामद

रामनगर न्यूज़- गैस सिलेंडरों की किल्लत के बीच रामनगर में गुरुवार देर रात प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गैस रिफिलिंग और कालाबाजारी का खुलासा किया। एसडीएम के नेतृत्व में मोहल्ला खताड़ी ब्लाक रोड स्थित एक घर पर छापेमारी कर दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया गया। मौके से इंडेन और भारत एजेंसी के 34 घरेलू सिलेंडर, छोटे-बड़े व्यावसायिक सिलेंडर, एलपीजी रिफिलिंग उपकरण, तराजू-बांट और आधा ड्रम डीजल बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार, एसडीएम गोपाल सिंह चौहान को देर रात एक मकान में गैस रिफिलिंग किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद उन्होंने कोतवाल सुशील कुमार को पुलिस टीम तैयार रखने के निर्देश दिए और पुलिस के साथ मौके पर छापा मारा। पुलिस को देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कमरे की तलाशी लेने पर बड़ी संख्या में सिलेंडर और रिफिलिंग का सामान मिला।
पुलिस ने मौके से गैस रिफिलिंग कर रहे दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम मोहल्ला खताड़ी, नियर नार्मल स्कूल निवासी अमर उर्फ भल्ला पुत्र रईस अहमद और शहजाद उर्फ शैजी पुत्र रईस अहमद बताया। आरोपित संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए, जिसके बाद पुलिस ने सभी सिलेंडर, एलपीजी रिफिलिंग उपकरण, तराजू-बांट और डीजल कब्जे में लेकर कोतवाली पहुंचाया।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने बताया कि एलपीजी की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध भंडारण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आरोपितों को कोर्ट में पेश किया गया है और उनके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
दो महिलाओं की संलिप्तता की भी चर्चा
मामले में दो महिलाओं के नाम भी सामने आने की चर्चा है। पुलिस का कहना है कि उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। संलिप्तता मिलने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि ब्लाक रोड स्थित घर में लंबे समय से गैस रिफिलिंग का धंधा चल रहा था और कालाबाजारी के लिए डीजल का भी भंडारण किया गया था।
गैस एजेंसी की भूमिका की भी होगी जांच
प्रशासन ने कालाबाजारी के पीछे दो संभावनाएं जताई हैं। छापेमारी के दौरान आरोपितों के पास से 10 गैस बुक भी बरामद हुई हैं, जिनके माध्यम से बड़े सिलेंडर लेकर छोटे सिलेंडरों में गैस भरी जाती थी। दूसरी संभावना यह है कि उपभोक्ताओं को बिना सिलेंडर मिले ही डिलीवरी के मैसेज भेजे जा रहे थे और सिलेंडर मिलीभगत से कालाबाजारी करने वालों तक पहुंचाए जा रहे थे।
एसडीएम ने बताया कि इंडेन गैस एजेंसी में आए और वितरित हुए सिलेंडरों की जांच के निर्देश खाद्य पूर्ति निरीक्षक को दिए गए हैं। प्रशासन गैस एजेंसी से जुड़े लोगों की संभावित मिलीभगत की भी जांच करेगा।








